{"_id":"6aaa87d3cb75382964092ee3","slug":"video-hansi-sp-vinod-kumar-says-it-is-the-drug-user-who-dies-not-the-drug-seller-2026-09-16","type":"video","status":"publish","title_hn":"हांसी: एसपी विनोद कुमार बोले- नशा बेचने वाला नहीं, नशा करने वाला मरता है","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
हांसी: एसपी विनोद कुमार बोले- नशा बेचने वाला नहीं, नशा करने वाला मरता है
हांसी। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के तहत गांव कुतुबपुर में नशा मुक्ति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हांसी के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, आईपीएस ने विद्यार्थियों, युवाओं, बुजुर्गों और ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक किया। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया।
एसपी विनोद कुमार ने कहा कि नशा बेचने वाला और नशा तैयार करने वाला नशे से नहीं मरता, बल्कि नशा करने वाला व्यक्ति नशे से मरता है।” उन्होंने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति की जिंदगी बर्बाद नहीं करता, बल्कि इसका असर पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है। नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य और भविष्य को तबाह करने के साथ उसे अपराध की ओर भी धकेल सकती है।
उन्होंने कहा कि नशे की पूर्ति के लिए नशे का आदी व्यक्ति चोरी, लूट, छीना-झपटी और अन्य आपराधिक गतिविधियों का सहारा ले सकता है। इसलिए नशे की समस्या को गंभीरता से समझने और इसके खिलाफ सामूहिक रूप से लड़ने की जरूरत है।
एसपी ने विद्यार्थियों और युवाओं से कहा कि वे अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित करें और अपनी ऊर्जा का सकारात्मक दिशा में इस्तेमाल करें। उन्होंने कहा कि “युवाओं को नशे का नहीं, खेल और पढ़ाई का नशा करना चाहिए।” उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ खेलों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
उन्होंने कहा कि गांवों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत युवाओं को सही दिशा और बेहतर अवसर देने की है। खेल और शिक्षा युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में अहम भूमिका निभाते हैं।
एसपी विनोद कुमार ने कहा कि हांसी पुलिस नशा बेचने और नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। लेकिन केवल पुलिस कार्रवाई से नशे की समस्या का पूरी तरह समाधान संभव नहीं है। इसके लिए आमजन की भागीदारी भी जरूरी है।
उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि गांव में यदि कोई व्यक्ति नशा बेचता है, नशा तैयार करता है या नशे की खरीद-फरोख्त में शामिल है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
एसपी ने ग्रामीणों से गांव में ठीकरी पहरा लगाने तथा गांव में आने-जाने वाले संदिग्ध लोगों और गतिविधियों पर नजर रखने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के संयुक्त प्रयास से ही नशे के खिलाफ अभियान को मजबूत बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान एसपी विनोद कुमार ने खेल एवं अन्य प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। विद्यार्थियों को फूल मालाएं पहनाकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। एसपी ने उन्हें भविष्य में भी मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि युवा देश और समाज का भविष्य हैं। यदि युवा नशे से दूर रहकर शिक्षा और खेलों से जुड़ेंगे तो समाज को नई दिशा मिलेगी।
गांव कुतुबपुर पहुंचने पर ग्रामीणों ने एसपी विनोद कुमार का फूल मालाओं और गुलदस्तों से स्वागत किया। ग्रामीणों ने पगड़ी पहनाकर उनका सम्मान भी किया। एसपी ने ग्रामीणों का आभार जताते हुए कहा कि नशामुक्त समाज के लिए गांव स्तर पर जागरूकता और सामूहिक प्रयास लगातार जारी रखने होंगे।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।