{"_id":"6a2ebc2514e51107d506fce1","slug":"video-cabinet-minister-lists-achievements-in-agra-2026-06-14","type":"video","status":"publish","title_hn":"VIDEO: मोदी सरकार के 12 साल, आगरा में कैबिनेट मंत्री ने गिनाईं उपलब्धियां","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
VIDEO: मोदी सरकार के 12 साल, आगरा में कैबिनेट मंत्री ने गिनाईं उपलब्धियां
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में रविवार को सर्किट हाउस में मीडिया संवाद आयोजित किया गया। उत्तर प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने बीते 12 वर्षों में मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, ऐतिहासिक उपलब्धियों और सुशासन पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मोदी और योगी सरकार के डबल इंजन ने विकास की नई इबारत लिखी है। कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि वर्ष 2014, 2019 और अब 2024 में लगातार तीसरी बार जनता ने स्पष्ट कर दिया है कि देश वादे नहीं, काम देखता है। इसी जन- विश्वास के कारण एनडीए आज 22 राज्यों में सेवा कर रहा है। उन्होंने बताया कि तीसरी बार शपथ लेते ही प्रधानमंत्री मोदी ने सबसे पहले पीएम किसान सम्मान निधि की फाइल पर हस्ताक्षर किए, जो यह साबित करता है कि सरकार की प्राथमिकता गरीब, किसान और युवा हैं। डीबीटी के जरिए 4.31 लाख करोड़ रुपये गलत हाथों में जाने से बचाए गए और 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि 'सबका साथ, सबका विकास' केवल एक नारा नहीं बल्कि जनआंदोलन बन गया है। जन-धन योजना के तहत 58 करोड़ खाते खोले गए, जिनमें 32 करोड़ महिलाओं के हैं। 81 करोड़ से ज्यादा देशवासियों को मुफ्त राशन दिया जा रहा है। आयुष्मान भारत योजना से 60 करोड़ से ज्यादा लोगों को मुफ्त इलाज की गारंटी मिली है। पीएम आवास योजना के तहत 4 करोड़ पक्के मकान और उज्ज्वला योजना से 11 करोड़ महिलाओं को मुफ्त गैस कनेक्शन दिए गए हैं। 'जल जीवन मिशन' से 16 करोड़ घरों तक साफ पानी पहुंचा है। विकास कार्यों का जिक्र करते हुए मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने बताया कि वर्ष 2014 में देश में राजमार्गों का नेटवर्क 91,287 किमी था, जो आज 1.46 लाख किमी को पार कर गया है। रेलवे का 99.6% से अधिक ब्रॉड गेज विद्युतीकरण हो चुका है और 1337 से अधिक रेलवे स्टेशनों को 'अमृत भारत स्टेशन योजना' के तहत विश्वस्तरीय बनाया जा रहा है। देश में 164 से अधिक वंदे भारत ट्रेनें दौड़ रही हैं। वहीं, हवाई अड्डों की संख्या 74 से बढ़कर 164 हो गई है। मोदी सरकार ने विकास के साथ- साथ सांस्कृतिक विरासत को भी संजोया है। राजपथ का नाम बदलकर 'कर्तव्य पथ' किया गया, इंडिया गेट पर नेताजी की प्रतिमा स्थापित की गई और नई संसद में पवित्र 'सेंगोल' स्थापित किया गया। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को 'जनजातीय गौरव दिवस' घोषित किया गया है, जो हमारी सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करता है। उत्तर प्रदेश के विकास पर बात करते हुए कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश आज देश की विकास यात्रा में सबसे आगे खड़ा है। प्रदेश में कानून- व्यवस्था, स्वास्थ्य, शिक्षा, निवेश, रोजगार और महिला सुरक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। यूपी में बन रहे एक्सप्रेस-वे, मेडिकल कॉलेज और नए एयरपोर्ट विकास के नए आयाम स्थापित कर रहे हैं। डबल इंजन की सरकार पूरी ईमानदारी से समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, एमएलसी विजय शिवहरे, विधायक डॉ. जीएस धर्मेश, डॉ. धर्मपाल सिंह और भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता सहित कई गणमान्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।