{"_id":"6b07fb95c8083c969f049ff1","slug":"video-gadar-front-protest-shimla-constitution-day-13-point-demands-cm-meeting-2026-11-26","type":"video","status":"publish","title_hn":"शिमला: 'दो मिनट की औपचारिक मुलाकात नहीं, दो घंटे चाहिए', अंबेडकर चौक से सीएम से रवि कुमार दलित की अपील","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
शिमला: 'दो मिनट की औपचारिक मुलाकात नहीं, दो घंटे चाहिए', अंबेडकर चौक से सीएम से रवि कुमार दलित की अपील
Ankesh Dogra
Updated Thu, 26 Nov 2026 02:57 PM IST
Link Copied
संविधान दिवस के अवसर पर गदर फ्रंट हिमाचल प्रदेश के संयोजक रवि कुमार दलित ने शिमला के चौड़ा मैदान स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक पर शांतिपूर्ण धरना दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम 13 सूत्रीय विशेष ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के संवैधानिक अधिकारों, आरक्षण, रोजगार, शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दे उठाए।
रवि कुमार दलित ने मुख्यमंत्री से इन विषयों पर विस्तार से चर्चा करने के लिए दो घंटे का समय मांगा। उनका कहना है कि केवल ज्ञापन स्वीकार करने या औपचारिक आश्वासन देने से समस्याओं का समाधान नहीं होगा। इसके लिए मुख्यमंत्री और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ सीधा संवाद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि संविधान दिवस पर संविधान के प्रति प्रतिबद्धता जताने के साथ-साथ उन लोगों की समस्याओं को भी सुनना जरूरी है, जो सामाजिक और आर्थिक रूप से वंचित हैं। उनके अनुसार संविधान के मूल्यों को वास्तविक रूप से लागू करने के लिए समानता, सामाजिक न्याय और अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर ठोस कार्रवाई होनी चाहिए।
गदर फ्रंट की ओर से दिए गए ज्ञापन में शिमला के रिज मैदान पर बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की भव्य प्रतिमा स्थापित करने, चौड़ा मैदान स्थित उनके नाम से जुड़े पुस्तकालय को अंबेडकर साहित्य और सामाजिक न्याय के अध्ययन के लिए समर्पित करने तथा अंबेडकर चौक पर सुरक्षा, सीसीटीवी और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग शामिल है।
ज्ञापन में सरकारी विभागों, बोर्डों, निगमों और विश्वविद्यालयों में SC/ST आरक्षण रोस्टर की समीक्षा कर बैकलॉग पदों को भरने के लिए विशेष भर्ती अभियान चलाने की मांग भी उठाई गई है। इसके साथ ही SC/ST अत्याचार निवारण अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन और पीड़ितों को समय पर न्याय, राहत और सुरक्षा उपलब्ध करवाने की बात कही गई है।
गदर फ्रंट ने सफाई कर्मचारियों की नियमित भर्ती, सेवा सुरक्षा और सम्मानजनक कार्य परिस्थितियों के साथ सेहब समिति के कर्मचारियों की वेतन एवं सेवा शर्तों से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग रखी है। गरीब और भूमिहीन अनुसूचित जाति परिवारों को शामलात भूमि के कानूनी प्रावधानों के अनुरूप आवासीय भूमि और पुनर्वास उपलब्ध करवाने की नीति बनाने का मुद्दा भी ज्ञापन में शामिल है।
इसके अलावा हिमाचल प्रदेश अनुसूचित जाति आयोग को कानून के माध्यम से प्रभावी वैधानिक शक्तियां देने, SC, ST और OBC विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति व छात्रावास जैसी सुविधाएं समय पर उपलब्ध करवाने तथा मुख्यमंत्री कार्यालय में वंचित समाज की समस्याओं के लिए सीधा संवाद तंत्र बनाने की मांग की गई है।
ज्ञापन में शिमला के रेहड़ी-फड़ी और फुटपाथ पर कारोबार करने वाले छोटे दुकानदारों की आजीविका सुरक्षित रखने तथा स्ट्रीट वेंडर्स अधिनियम, 2014 के अनुसार उनके पुनर्वास और उचित स्थान की व्यवस्था करने की मांग भी रखी गई है। साथ ही वाल्मीकि जयंती पर गरीब वाल्मीकि परिवारों के सर्वेक्षण और पुनर्वास को लेकर मुख्यमंत्री की ओर से की गई घोषणा पर हुई कार्रवाई सार्वजनिक करने की मांग की गई है।
रवि कुमार दलित ने मांग की कि मुख्यमंत्री के साथ प्रस्तावित बैठक में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, गृह, कार्मिक, शहरी विकास, ग्रामीण विकास और शिक्षा विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हों। नगर निगम शिमला के प्रतिनिधियों को भी बैठक में बुलाने की मांग की गई है।
उन्होंने कहा कि बैठक में प्रत्येक मुद्दे पर चर्चा के बाद निर्णय, समयबद्ध कार्ययोजना और लिखित कार्यवाही तय होनी चाहिए। विशेष रूप से वाल्मीकि परिवारों के सर्वेक्षण और पुनर्वास से संबंधित घोषणा पर अब तक हुई कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट करने की मांग की गई है।
'संघर्ष अन्याय और भेदभाव के खिलाफ है'
रवि कुमार दलित ने कहा कि उनका संघर्ष किसी जाति, धर्म, समाज या राजनीतिक दल के विरुद्ध नहीं है, बल्कि जातिगत भेदभाव, छुआछूत, अन्याय और असमानता के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि गदर फ्रंट सरकार से टकराव नहीं, बल्कि संवाद और समाधान चाहता है।
उन्होंने यह भी कहा कि शहर को व्यवस्थित करने के नाम पर रेहड़ी-फड़ी और छोटे कारोबार के जरिए परिवार चलाने वाले गरीब लोगों की आजीविका प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
गदर फ्रंट संयोजक ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री के साथ गंभीर संवाद का अवसर मिलने तक अंबेडकर चौक पर उनका शांतिपूर्ण धरना जारी रहेगा। उन्होंने कहा, “हम दो घंटे मांग रहे हैं, दो मिनट की औपचारिक मुलाकात नहीं। यह समय किसी एक व्यक्ति के लिए नहीं, बल्कि उन हजारों परिवारों के लिए है जिनकी उम्मीदें सामाजिक न्याय और संविधान से जुड़ी हैं।”
फिलहाल ज्ञापन में उठाई गई मांगों पर सरकार की ओर से किसी प्रतिक्रिया या बैठक के समय की जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई है।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।