हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में शाहपुर से करीब 25 किलोमीटर दूर बोह घाटी में सोमवार को भारी बारिश से आई बाढ़ में 10 घर बह गए। मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए मंगलवार सुबह करीब पांच बजे एनडीआरएफ के जवानों ने बचाव अभियान शुरू किया। कल देर रात तक चले बचाव अभियान के दौरान पांच लोगों को सुरक्षित बचाया गया। मंगलवार दोपहर को मलबे से एक और शव को बरामद किया गया। लेकिन अभी भी मलबे में करीब आठ लोगों के दबे होने की आशंका है। सोमवार को बोह घाटी में एक महिला का शव मिला था।