कोटा जिले में चोरों ने महज 8 मिनट में बड़ी वारदात को अंजाम दिया। रेलवे कॉलोनी थाना क्षेत्र के बापू कॉलोनी में एक घर से चोर लगभग 20 लाख रुपये का माल चुराकर फरार हो गए। घटना के वक्त घर में कोई मौजूद नहीं था। चोरी के दौरान हुई खटपट से जब पड़ोसी जागे और बाहर निकले तो चोर भागने लगे। उन्हें पकड़ने की कोशिश की गई लेकिन वे बच निकले। पूरी वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसमें चोर रेलवे प्लेटफॉर्म की ओर भागते नजर आ रहे हैं।
घर में कोई नहीं था, अजमेर गई थी घर की मालकिन
रेलवे कॉलोनी थाने के सब इंस्पेक्टर राम सिंह बैरवा ने बताया कि जिस घर में चोरी हुई, उसकी मालकिन बसंती देवी रेलवे के लोको कैरिज विभाग में कार्यरत हैं। घटना के समय वे अपनी छोटी बेटी नीतू के साथ अजमेर में थीं, जहां वे अपने भाई की मौत पर शोक जताने गई थीं। चोरी की वारदात 2 अक्तूबर की आधी रात के बाद हुई। सूचना मिलने पर बसंती देवी के दामाद मनोज कुमार बैरवा 3 अक्तूबर की सुबह चित्तौड़गढ़ से कोटा पहुंचे। घर पहुंचकर देखा तो सारा सामान बिखरा हुआ था और अलमारियां टूटी हुई थीं।
CCTV फुटेज में दिखे तीन चोर
पीड़िता के दामाद मनोज बैरवा ने बताया कि आसपास लगे CCTV फुटेज की जांच करने पर तीन चोर नजर आए। ये चोर कोटा जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर 1A से कूदकर घर की ओर आए और चोरी के बाद उसी रास्ते से लौट गए। फुटेज में चोर भागते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं। मनोज ने आरोप लगाया कि जीआरपी और आरपीएफ पुलिस की लापरवाही के कारण रेलवे कॉलोनी में चोरी की वारदातें आम हो गई हैं।
यह भी पढ़ें- Syrups Death Case: सिरप से हुई मौतों पर केंद्र सख्त, राज्यों के साथ स्वास्थ्य सचिव की बैठक; दिए ये अहम निर्देश
सोना, नकदी और चांदी पर किया हाथ साफ
जानकारी के मुताबिक, चोरों ने घर का ताला तोड़कर महज 8 मिनट में 17 तोला सोना, 1 लाख रुपये नकद और 1 किलो से ज्यादा चांदी चुरा ली। चोरी गए माल की कुल कीमत लगभग 20 लाख रुपये बताई जा रही है। घटना के तीन दिन बीत जाने के बाद भी एफआईआर दर्ज नहीं होने पर परिजनों ने नाराजगी जताई है।
सुरक्षा पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे कॉलोनी में आए दिन चोरी की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। उन्होंने रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और जीआरपी की गश्त व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच की जा रही है और चोरों की पहचान के लिए CCTV फुटेज का विश्लेषण किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- Rajasthan: कफ सिरप से मौत पर बोले अशोक गहलोत- सरकार तुरंत कार्रवाई करे, ब्लैकलिस्टेड कंपनी को ठेका क्यों दिया?