कोटा शहर के उद्योग नगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला किया गया, जिसमें घायल युवक ने दो दिन बाद निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान किशोरपुरा निवासी आसिफ कालिया (फल-फ्रूट विक्रेता) के रूप में हुई है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर मुख्य आरोपियों इंसाफ, रेहान और उनके साथियों की तलाश शुरू कर दी है।
कार सर्विस के दौरान हुआ हमला
जानकारी के मुताबिक, घटना न्यू मोटर मार्केट, उद्योग नगर क्षेत्र की है। मृतक के भाई आरिफ के अनुसार आसिफ अपनी कार की सर्विस करवाने के लिए वहां गया था। सर्विस पूरी नहीं होने पर उसने कार वहीं छोड़ दी और रात को उसे लेने के लिए फिर से पहुंचा। इस दौरान पहले से घात लगाए बैठे 8 से 10 बदमाशों ने उस पर हमला बोल दिया।
आरिफ ने बताया कि जब आसिफ ने विरोध किया, तो बदमाशों ने उस पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार किए और फायरिंग भी की। हमलावर उसे मरा समझकर मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल आसिफ को पास के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां शनिवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
यह भी पढ़ें- Kota News: घर में मां-बेटी की हत्या से सनसनी, गला घोंटकर हत्या की आशंका; जेवर और मोबाइल भी गायब
पुरानी रंजिश से जुड़ा मामला, पुलिस ने बनाई टीमें
उद्योग नगर थानाधिकारी जितेन्द्र सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला फल-सब्जी मंडी में पुराने विवाद से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। आसिफ का कुछ लोगों से झगड़ा हुआ था, जिसका पहले राजीनामा भी हुआ था। लेकिन पुरानी दुश्मनी के चलते हमलावरों ने इस वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर मुख्य आरोपियों इंसाफ, रेहान और अन्य साथियों के नाम सामने आने की पुष्टि की है। उनकी तलाश में टीमें गठित कर दी गई हैं। शव का पोस्टमार्टम एमबीएस अस्पताल की मोर्चरी में करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया।
यह भी पढ़ें- Rajasthan Crime: सिरोही में करोड़ों की ड्रग लैब का भंडाफोड़, एमडी (मादक पदार्थ) बनाने का सामान और उपकरण जब्त