जिस फैक्ट्री में 17 साल तक सुरक्षा और व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाली, उसी फैक्ट्री के गेट पर मौत के बाद परिवार को आर्थिक मदद के लिए करीब 10 घंटे तक संघर्ष करना पड़ा। पांच बच्चों के पिता की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों ने परिवार की आजीविका और बच्चों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए फैक्ट्री प्रबंधन से 50 लाख रुपये मुआवजे की मांग की। मांग पर सहमति नहीं बनने पर परिजन एंबुलेंस में शव रखकर फैक्ट्री के मुख्य गेट पर धरने पर बैठ गए। देर रात तक चले गतिरोध के बाद 21 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और मृतक के एक बच्चे को नौकरी देने पर सहमति बनी। रात करीब 12 बजे लिखित समझौते के बाद धरना समाप्त हुआ।
मामला संगम इंडिया लिमिटेड की यूनिट-2 सरेरी का है। ईरास निवासी पुखराज जाट (50) यहां पिछले 17 वर्षों से गार्ड के रूप में कार्यरत थे। वे कॉलोनी इंचार्ज के तौर पर गार्डन की देखरेख और सुरक्षा संबंधी जिम्मेदारियां भी संभाल रहे थे। ड्यूटी के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तत्काल रायला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
पढे़ं: राजस्थान: डोटासरा का भाजपा पर हमला, बोले- जनता ने कुशासन नकारा, अगले चुनाव में दो अंकों तक नहीं पहुंचेगी
पांच बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
पुखराज जाट परिवार के मुख्य कमाने वाले सदस्य थे। उनके परिवार में पांच बच्चे हैं और उनके भरण-पोषण से लेकर अन्य जिम्मेदारियां उन्हीं के कंधों पर थीं। अचानक हुई मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया। परिजनों का कहना था कि परिवार की आजीविका और बच्चों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए फैक्ट्री प्रबंधन को उचित आर्थिक सहायता देनी चाहिए।
50 लाख रुपये की मांग, शव लेकर फैक्ट्री गेट पर बैठे परिजन
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने फैक्ट्री प्रबंधन से 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने और बच्चों के भविष्य के लिए उचित व्यवस्था करने की मांग की। मांगों पर तत्काल सहमति नहीं बनने पर परिजन एंबुलेंस में शव रखकर फैक्ट्री के मुख्य द्वार पर धरने पर बैठ गए।
परिजनों ने स्पष्ट कर दिया कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं होगा, वे शव लेकर वहां से नहीं हटेंगे। देखते ही देखते फैक्ट्री गेट पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। माहौल तनावपूर्ण हो गया और प्रबंधन के साथ बातचीत का दौर शुरू हुआ।
आधी रात तक चली बातचीत, 21 लाख रुपये पर बनी सहमति
धरना शुरू होने के बाद कई घंटे तक प्रबंधन और परिजनों के बीच बातचीत होती रही। परिजन 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता की मांग पर अड़े रहे। रात बढ़ने के साथ गतिरोध भी लंबा होता गया। आखिरकार देर रात दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया।
समझौते के तहत फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से 21 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने और मृतक के एक बच्चे को फैक्ट्री में स्टाफ के रूप में नौकरी देने का आश्वासन दिया गया। दोनों पक्षों के बीच लिखित समझौता होने के बाद परिजनों ने धरना समाप्त कर दिया। इसके बाद शव को रात में रायला मोर्चरी में रखवाया गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस जाप्ता पहुंचा, समझाइश से सुलझा मामला
धरने की सूचना पर गुलाबपुरा सीआई संजय गुर्जर पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों और फैक्ट्री प्रबंधन के बीच समझाइश कर बातचीत के माध्यम से विवाद सुलझाने का प्रयास किया। देर रात सहमति बनने के बाद स्थिति शांत हुई।
इस दौरान धनराज गुर्जर गुलाबपुरा, शक्ति सिंह कालियास, रतनलाल जाट, शिव सिंह कालियास, महेंद्र जाट ईरांस, सत्यनारायण चौधरी गढ़वालों का खेड़ा और सुरेश भील बांगा का खेड़ा सहित आसपास के ग्रामीण मौजूद रहे।