स्मार्ट सिटी योजना में कथित भ्रष्टाचार के विरोध में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को जोरदार प्रदर्शन किया। भारी पुलिस बंदोबस्त के बावजूद कार्यकर्ता बैरिकेड्स हटाकर कलेक्ट्रेट परिसर में घुस गए और ‘भ्रष्टाचार नहीं चलेगा’ के नारे लगाते हुए कलेक्टर चैंबर तक पहुंच गए। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हुई, जिसमें कई कार्यकर्ता घायल हो गए और कुछ बेहोश भी हो गए।
प्रदर्शन की शुरुआत कलेक्ट्रेट के बाहर टेंट लगाने को लेकर हुई, जिसे पुलिस ने रोकने की कोशिश की। बावजूद इसके, कार्यकर्ता डटे रहे और विरोध जारी रखा। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने मोर्चा संभाला। इसके बाद यूथ कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।
पढ़ें: 'CM सीकर आएंगे तो मैं काले झंडे दिखाऊंगा'...NSUI जिलाध्यक्ष पर पुलिसिया कार्रवाई पर भड़के डोटासरा
यूथ कांग्रेस शहर अध्यक्ष मोहित मल्होत्रा ने बताया कि पिछले डेढ़ महीने से स्मार्ट सिटी योजना में भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन चल रहा है, लेकिन प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की।
उन्होंने मांग की कि इस परियोजना में कथित रूप से भ्रष्टाचार करने वाले अधिकारियों के नाम सार्वजनिक किए जाएं और उनसे 100 करोड़ रुपये की रिकवरी की जाए। मल्होत्रा ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने आंदोलन को दबाने की कोशिश की और कार्यकर्ताओं पर बल प्रयोग किया। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन और उग्र रूप लेगा।