पंजाब में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। इसी बीच अमर उजाला की ओर से शुरू किए गए ‘क्या बोलता पंजाब’ अभियान के तहत कोटकपूरा के लोगों से बातचीत की गई। इस दौरान लोगों ने मौजूदा सरकार के कार्यकाल, उपलब्धियों और कमियों को लेकर खुलकर अपनी राय रखी। बातचीत में नशा, बिगड़ती कानून व्यवस्था, व्यापारियों की सुरक्षा, विकास और युवाओं के रोजगार जैसे मुद्दे प्रमुखता से सामने आए। प्रदीप कुमार मित्तल ने कहा कि मौजूदा सरकार ने कई वादे पूरे किए हैं, लेकिन कुछ मामलों में वह लोगों की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पाई। उन्होंने नशे को पंजाब की सबसे बड़ी समस्या बताते हुए कहा कि सरकार ने इसे रोकने के प्रयास जरूर किए, लेकिन अपेक्षित सफलता नहीं मिली। उनका कहना था कि आगामी सरकार की प्राथमिकता पंजाब को नशामुक्त बनाना होनी चाहिए, क्योंकि नशा खत्म होने से ही पंजाब की युवा पीढ़ी को बचाया जा सकता है। वहीं, बिट्टू छल्ली ने आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बदलाव का नारा देकर सत्ता में आई सरकार लोगों की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी। उन्होंने विकास कार्यों की योजना पर सवाल उठाते हुए कोटकपूरा के मोगा रोड का उदाहरण दिया। उनके अनुसार त्योहारों के सीजन में सड़क उखाड़े जाने से दुकानदारों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। गगन आहूजा ने कानून व्यवस्था को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि लूटपाट की घटनाओं से व्यापारी वर्ग प्रभावित हुआ है और महिलाएं भी बाजार जाने से कतराने लगी हैं। उन्होंने सरकार से व्यापारियों को सुरक्षित माहौल देने की मांग की। कमल गर्ग ने भी कानून व्यवस्था को चिंताजनक बताते हुए कहा कि पंजाब के लोग ऐसी सरकार चाहते हैं जो सुशासन दे, नशे पर प्रभावी रोक लगाए और युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध करवाए। लोगों की राय से साफ है कि 2027 के चुनाव में ये मुद्दे राजनीतिक दलों के लिए बड़ी चुनौती बन सकते हैं।