टीकमगढ़ जिला परिवहन कार्यालय (आरटीओ) टीकमगढ़ में रविवार की रात अज्ञात बदमाशों ने चोरी की सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया। बदमाशों ने कार्यालय में अनधिकृत रूप से प्रवेश कर कई कमरों के ताले और कांच तोड़ दिए। इसके बाद कार्यालय के अंदर नकदी और अन्य कीमती सामान की तलाश की। इस दौरान बदमाश एक वेबकैम चोरी कर ले गए। सोमवार सुबह कार्यालय खुलने पर घटना का खुलासा हुआ, जिसके बाद विभाग में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार की रात अज्ञात चोरों ने जिला परिवहन कार्यालय को निशाना बनाया। बदमाशों ने कार्यालय के विभिन्न कमरों के ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद कमरों में रखे सामान को खंगाला और कीमती वस्तुओं की तलाश में तोड़फोड़ की। घटना में कार्यालय के दरवाजों और खिड़कियों के कांच भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार्यालय से एक वेबकैम गायब मिला है। अन्य सामान और अभिलेखों की स्थिति का भी परीक्षण किया जा रहा है।
डायल-112 को दी गई सूचना
सोमवार 2 नवंबर 2026 की सुबह जब कर्मचारी नियत समय पर कार्यालय पहुंचे और ताले टूटे तथा कमरों में बिखरा सामान देखा तो घटना की जानकारी अधिकारियों को दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए सुबह करीब 10:30 बजे डायल-112 पर सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में कार्यालय का निरीक्षण किया गया। घटना के संबंध में जिला परिवहन अधिकारी ने थाना देहात टीकमगढ़ और पुलिस अधीक्षक को लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।
एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश की मांग
शासकीय कार्यालय में हुई इस घटना ने सरकारी संपत्ति और महत्वपूर्ण कार्यालयीन अभिलेखों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। परिवहन विभाग ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
ये भी पढ़ें- मध्य प्रदेश: शराब माफिया के शिकंजे में देवास- पहले 13 निर्दोष लोगों की जान ली, अब थाना प्रभारी की बलि
वहीं, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बदमाशों ने चोरी के उद्देश्य से कार्यालय में प्रवेश किया था या उनका कोई अन्य मकसद था।