सीहोर में स्मार्ट मीटर लगाने के नाम पर बिजली विभाग की कथित मनमानी के खिलाफ मंगलवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। तेज धूप में नारेबाजी करते हुए बड़ी संख्या में नागरिक पार्षद आजम नेता के नेतृत्व में एडीएम कार्यालय पहुंचे। अनुविभागीय अधिकारी तन्मय वर्मा को ज्ञापन सौंपकर उन्होंने विभाग के रवैये पर कड़ा विरोध जताया।
यह भी पढ़ें- Damoh News: लव जिहाद मामले में नया मोड़, युवती ने वीडियो जारी कर कहा- मैं अपनी मर्जी से गई और शादी की
लोगों का कहना है कि विभाग के अधिकारी और आउटसोर्स कर्मचारी कई बार बिना अनुमति घरों में घुसने की कोशिश करते हैं, चाहे पुरुष सदस्य मौजूद हों या नहीं। पार्षद आजम नेता ने उदाहरण देते हुए बताया कि उनके वार्ड में एई अतुलेश और कर्मचारी राजेश मिश्रा ने दो महिलाओं के घर में, पुरुष सदस्य न होने पर भी, घुसने का प्रयास किया। विरोध करने पर अगले ही दिन उन घरों को बिना जांच भारी जुर्माना नोटिस थमा दिया गया।
मनमाने बिल और जुर्मानों से जनता त्रस्त
शहरवासियों ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर से आने वाले बिल वास्तविक खपत से कई गुना ज्यादा हैं। कुछ मामलों में महज 19 यूनिट बिजली उपयोग पर 2800 रुपये तक का बिल भेजा गया। इतना ही नहीं, बिजली काटने, रीडिंग बढ़ाने या चोरी के नाम पर मनमाने जुर्माने भी लगाए जा रहे हैं। लोगों के अनुसार, कई बार बिना लोड चेक या चोरी का प्रमाण पाए, सीधे भारी-भरकम नोटिस थमा दिए जाते हैं, जिससे आम जनता आर्थिक रूप से पिस रही है।
बिजली विभाग को जवाबदेह बनाने की मांग
ज्ञापन में स्पष्ट किया गया कि किसी भी सरकारी कर्मचारी या विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारी को बिना लिखित आदेश या सरकारी दस्तावेज के किसी के घर में प्रवेश का अधिकार नहीं है। इसके बावजूद, विभाग के लोग इस नियम की अनदेखी करते हुए मनमाना रवैया अपना रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने दोषी अधिकारियों व कर्मचारियों पर एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई करने और बिलों की गड़बड़ियों की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की।
यह भी पढ़ें- अर्चना तिवारी: लापता बहन को ढूंढ़ने इटारसी पहुंचे भाई; रेलवे स्टेशन पर खंगाले CCTV फुटेज; जानें क्या मिला?
विरोध प्रदर्शन में पार्षद आजम नेता के साथ इकबाल पहलवान, कुंदन भाई, नोशे भाई, डॉ. इरफान, आफाक अंसारी, आमिर मंसूरी, शब्बिर भाई, आशु अली, ज़ीशान भाई, इम्तियाज लाला, बबलू, फरहान मियां, सलमान इम्तियाज़, बच्चू, अमिन पठान, शेरू भाई, समीर शेक, बासीम पठान, जैद उमर, नदीम सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि अब जनता चुप नहीं बैठेगी और बिजली विभाग की मनमानी का डटकर विरोध किया जाएगा।