दीपावली का त्योहार आते ही बाजारों में रोशनी, खुशियों और उत्साह की चमक दिखाई देने लगती है। घरों की चौखट से लेकर मंदिरों तक मिट्टी के दीपक जगमगाने लगते हैं, लेकिन इन दीपकों को अपने हाथों से आकार देने वाले कारीगरों की जिंदगी में इस बार महंगाई ने अंधेरा कर दिया है। दूसरों के घरों को रोशन करने के लिए दिन-रात मेहनत करने वाले इन परिवारों के सामने अपने घर का खर्च चलाना भी मुश्किल हो रहा है। मिट्टी से दीपक बनाकर परंपरा को जीवित रखने वाले कारीगरों का कहना है कि मेहनत के मुकाबले उन्हें कीमत नहीं मिल रही। उनकी मांग है कि कम से कम एक दीपक का दाम दो रुपये तय किया जाए, ताकि परिवारों को मेहनत का उचित मूल्य मिल सके।
25 दीपक 20 रुपये में, मेहनत का मोल नहीं
सीहोर में माटी कला से जुड़े कारीगरों की आर्थिक स्थिति इन दिनों चिंताजनक बनी हुई है। बाजार में 25 दीपक महज 20 रुपये में बिक रहे हैं। यानी एक दीपक की कीमत 80 पैसे के आसपास रह जाती है। इस कीमत में मिट्टी खरीदने से लेकर दीपक बनाने, सुखाने और पकाने तक की पूरी मेहनत का हिसाब जोड़ना कारीगरों के लिए मुश्किल हो रहा है। परिवार के सभी सदस्य इस काम में जुटते हैं, लेकिन दिनभर की मेहनत के बाद भी आमदनी इतनी नहीं हो पाती कि घर की जरूरतें आसानी से पूरी हो सकें।
पढ़ें: अनुकंपा नियुक्ति के लंबित मामलों पर चलेगा विशेष अभियान, पदोन्नति से खाली पदों पर मिलेगी नौकरी
मिट्टी की ट्रॉली पांच हजार रुपये, कंडे भी महंगे
कारीगर दीपिका प्रजापति ने बताया कि दीपक बनाने के लिए मिट्टी की एक ट्रॉली पांच हजार रुपये में खरीदनी पड़ रही है। दीपकों को पकाने के लिए इस्तेमाल होने वाले गोबर के कंडे भी पांच रुपये प्रति नग मिल रहे हैं। वहीं, दीपक बनाने के लिए चाक खरीदने में करीब आठ हजार रुपये खर्च करने पड़ते हैं। कच्चे माल से लेकर उपकरणों तक की कीमत बढ़ने के कारण लागत लगातार बढ़ रही है, लेकिन बाजार में दीपकों के दाम उसी अनुपात में नहीं बढ़े हैं। ऐसे में कारोबार चलाना मुश्किल होता जा रहा है।
पूरा परिवार जुटता है, फिर भी नहीं निकल रहा मुनाफा
दीपक बनाने का काम केवल एक व्यक्ति की मेहनत तक सीमित नहीं है। मिट्टी तैयार करने, चाक पर दीपक बनाने, उन्हें सुखाने, पकाने और बाजार तक पहुंचाने में परिवार के कई सदस्य जुटते हैं। कारीगरों के मुताबिक, इस पूरी प्रक्रिया में समय, श्रम और संसाधन लगते हैं। इसके बावजूद बिक्री से मिलने वाली रकम लागत और मेहनत के मुकाबले बेहद कम है। त्योहार के दिनों में काम बढ़ने की उम्मीद रहती है, लेकिन महंगाई ने इस उम्मीद पर भी पानी फेर दिया है।
दो रुपये प्रति दीपक मिले कीमत, तभी बचेगी पारंपरिक कला
कारीगरों ने शासन-प्रशासन से उनकी समस्या पर गंभीरता से विचार करने की मांग की है। उनका कहना है कि बाजार में कम से कम एक दीपक का दाम दो रुपये होना चाहिए, जिससे लागत निकालने के बाद कुछ आमदनी बच सके। कारीगरों ने सरकार से न्यूनतम समर्थन मूल्य जैसी व्यवस्था लागू करने की मांग भी उठाई है, ताकि मेहनत से तैयार दीपकों का उचित मूल्य सुनिश्चित हो सके।
चाक और मिट्टी रियायती दर पर उपलब्ध कराने की मांग
कारीगर लता ने मांग की है कि माटी कला से जुड़े परिवारों को चाक, मिट्टी और दीपक बनाने के अन्य जरूरी उपकरण रियायती दरों पर या निशुल्क उपलब्ध कराए जाएं। उनका कहना है कि सरकार की मदद से इस पारंपरिक व्यवसाय को नई मजबूती मिल सकती है। पीढ़ियों से चली आ रही मिट्टी के दीपक बनाने की कला केवल रोजगार नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और परंपरा का हिस्सा है। यदि कारीगरों को उचित कीमत और सहायता नहीं मिली, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए इस कला को बचाए रखना मुश्किल हो सकता है।