सतना में सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात तकरीबन 2 बजे एक अनियंत्रित कार बिजली के खंभे से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। टक्कर के बाद कार में भीषण आग लग गई। हादसे के दौरान ड्राइवर ने कार से कूदकर अपनी जान बचाई, दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।
जानकारी के मुताबिक कार क्रमांक MP 20 CH 9946 व्यंकट-1 स्कूल के सामने से गुजर रही थी। इसी दौरान चालक मयंक रैकवार का वाहन से नियंत्रण हट गया और कार डिवाइडर से टकराने के बाद बिजली के खंभे से जा भिड़ी। टक्कर लगते ही कार में आग भड़क उठी। अचानक आग की लपटें उठती देख आसपास से गुजर रहे राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी।
ये भी पढ़ें: भोपाल में पानी का ठेका सिक्योरिटी कंपनी को: जनता पर भार, विपक्ष बोला-1200 कर्मचारी फिर भी निजी एजेंसी क्यों?
ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान
बताया जा रहा है कि मयंक रैकवार कटनी से लौटकर सतना आ रहा था। इसी दौरान हादसा हो गया। कार में आग लगते ही उसने बाहर कूदकर अपनी जान बचाई। हालांकि उसका मोबाइल फोन कार के अंदर ही रह गया। कार के मालिक विपिन रैकवार बताए गए हैं।
दमकल पहुंचने के पहले जल चुकी थी कार
राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। पुलिस ने कार मालिक के परिचित अतुल चतुर्वेदी को भी घटना की जानकारी दीं। सिटी कोतवाली टीआई हेमंत शर्मा ने बताया पुलिस हादसे के कारणों की जांच-पड़ताल में जुटी हुई हैं।