मध्य प्रदेश के सतना नगर निगम क्षेत्र के खेरमाई रोड स्थित घनी आबादी वाले बाजार में गद्दे, फोम और रेग्जीन की दुकान व गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। रात करीब 11:30 से 12 बजे के बीच लगी आग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही नगर निगम का अमला और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। गोदाम में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैल गई। आग बुझाने के लिए पूरी रात अभियान चलाना पड़ा। इस अग्निकांड में लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका, 50 लाख से अधिक का नुकसान
स्थानीय व्यापारियों के अनुसार, संबंधित दुकान करीब 40 साल पुरानी है। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट हो सकता है। आग इतनी भीषण थी कि दुकान और गोदाम में रखे गद्दे, फोम, रेग्जीन और उन्हें चिपकाने वाला सॉल्यूशन पूरी तरह जलकर खाक हो गया। इस घटना में करीब 50 लाख रुपये या उससे अधिक के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
पढ़ें: अनुकंपा नियुक्ति के लंबित मामलों पर चलेगा विशेष अभियान, पदोन्नति से खाली पदों पर मिलेगी नौकरी
पूरी रात चला दमकल का अभियान
गनीमत रही कि इस भीषण अग्निकांड में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। आग पर काबू पाने के लिए दमकल की गाड़ियां पूरी रात जुटी रहीं। संकरी गलियों और घनी आबादी वाले क्षेत्र में गोदाम होने के कारण आग बुझाने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आठ से अधिक पानी के टैंकर और 11 दमकल गाड़ियों की मदद ली गई। दमकल कर्मियों ने लगातार प्रयास कर आग पर काबू पाया।
प्रशासन और जनप्रतिनिधि पूरी रात रहे मुस्तैद
घटना की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम कमिश्नर नागार्जुन डॉ. बीएस गौड़ा, महापौर योगेश ताम्रकार, विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा, एसडीएम राहुल सिलाडिया, सीएसपी मनीष त्रिपाठी और विंध्य चैंबर अध्यक्ष सतीश सुखेजा मौके पर पहुंचे। स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों और आम लोगों ने भी पूरी रात घटनास्थल पर मौजूद रहकर आग बुझाने के प्रयासों में सहयोग किया।
संकरी गलियों और बिजली के तारों से आई तकनीकी बाधा
घनी आबादी और संकरी गलियों के बीच गोदाम स्थित होने के कारण दमकल कर्मियों को काफी तकनीकी चुनौतियों का सामना करना पड़ा। अधिकारियों के मुताबिक, ऊपर से गुजर रहे बिजली के तारों और संकरे रास्तों के कारण हाइड्रोलिक मशीन और स्काईलिफ्ट का इस्तेमाल नहीं किया जा सका। इसके बाद छोटी दमकल गाड़ियों की मदद से आग बुझाने का अभियान चलाया गया। प्रशासन और दमकल कर्मियों की सूझबूझ और लगातार प्रयासों के बाद देर रात आग पर काबू पाया जा सका। अधिकारियों के अनुसार, आग लगने के वास्तविक कारण और नुकसान का सही आकलन जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।