मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में खेत की मेड़ पर बागड़ लगाने को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। महुआ थाना क्षेत्र के गुमानीपुरा गांव में पड़ोसियों ने कथित तौर पर एक विधवा महिला और उसकी बेटी के साथ मारपीट की। आरोप है कि तीन लोगों ने मां-बेटी को खेत में पटककर पीटा। घटना में बेटी अंजली के सिर में चोट आई है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, गुमानीपुरा गांव निवासी अशोका बाई सखवार अपने खेत की मेड़ पर बागड़ लगाने की तैयारी कर रही थीं। खेत की सुरक्षा के लिए वह मेड़ पर लकड़ियां गाड़ रही थीं। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले भारत सखवार, बंटी सखवार और कमलेश सखवार वहां पहुंच गए। तीनों ने खेत की मेड़ पर बागड़ लगाने का विरोध करते हुए लकड़ियां गाड़ने से मना कर दिया।
पढ़ें: स्कूल में मध्यान्ह भोजन के बाद बच्चों की बिगड़ी तबीयत, एक को हुई उल्टी, कई ने की पेट दर्द की शिकायत
इसी बात को लेकर अशोका बाई और पड़ोसियों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। आरोप है कि तीनों लोगों ने अशोका बाई के साथ मारपीट शुरू कर दी और उन्हें खेत में पटककर पीटा। मां के साथ मारपीट होते देख बेटी अंजली बीच-बचाव करने पहुंची, लेकिन आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट कर दी। इस दौरान अंजली के सिर में चोट लग गई।
घटना के बाद पीड़ित मां-बेटी महुआ थाने पहुंचीं और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारत सखवार, बंटी सखवार और कमलेश सखवार के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।