आलीराजपुर जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। चांदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मोरधी में एक व्यक्ति की मौत को पहले सड़क हादसा माना जा रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच में यह सुनियोजित हत्या निकली। पुलिस के मुताबिक, मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी। हत्या के बाद सबूत मिटाने और पुलिस को गुमराह करने के लिए आरोपियों ने शव और स्कूटी पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया। पुलिस ने मृतक की पत्नी समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी फरार है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुला हत्या का राज
पुलिस के अनुसार, 12 नवंबर 2026 को ग्राम मोरधी में दिलीप पिता अबेसिंह वास्कले की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। शुरुआत में इसे सड़क दुर्घटना मानकर चांदपुर थाने में मामला दर्ज किया गया। हालांकि, घटनास्थल की परिस्थितियां संदिग्ध मिलने पर पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया। जिला अस्पताल में पांच डॉक्टरों के पैनल से शव का पोस्टमार्टम कराया गया। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह गला घोंटना सामने आई। इसके बाद पुलिस ने मामले को हत्या मानकर जांच शुरू की।
पढ़ें: इंदौर में सड़क पर विवाद के बाद खूनी संघर्ष: रॉन्ग साइड से आ रहे युवकों ने किया चाकू से हमला, एक गिरफ्तार
पत्नी के प्रेम संबंध बने हत्या की वजह
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी सेंगली के गांव के ही रमेश पिता मोती के साथ पिछले चार-पांच वर्षों से प्रेम संबंध थे। इसकी जानकारी दिलीप को हो गई थी। इस बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद और मारपीट होती थी। पुलिस के मुताबिक, इसी के चलते सेंगली और रमेश ने दिलीप की हत्या की योजना बनाई।
नशे की हालत में पति को खेत में ले जाकर घोंटा गला
पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन सेंगली ने रमेश को फोन कर बताया कि दिलीप अत्यधिक शराब के नशे में है। इसके बाद रमेश अपने साथियों महेश और सिलदार के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि तीनों दिलीप को घर के पीछे स्थित तुअर के खेत में ले गए और पीले रंग की रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद ट्रैक्टर से कुचला शव और स्कूटी
हत्या के बाद आरोपियों ने इसे सड़क हादसा दिखाने की साजिश रची। शव को दिलीप की स्कूटी पर रखकर चांदपुर-साकड़ी रोड के पास ले जाया गया। वहां दशरिया और नानसिंह भी पहुंच गए। पुलिस के मुताबिक, दशरिया ने ट्रैक्टर से शव और स्कूटी को दो बार आगे-पीछे करते हुए कुचल दिया, ताकि घटना सड़क दुर्घटना लगे। इसके बाद आरोपी ट्रैक्टर छिपाकर अपने घर चले गए।
घटनास्थल पर मिले मोबाइल से खुला राज
जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से एक मोबाइल फोन मिला। तकनीकी जांच में यह मोबाइल दशरिया का निकला। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के बाद हत्या की साजिश और अन्य आरोपियों की भूमिका का खुलासा हुआ। पुलिस ने सेंगली, रमेश, महेश, दशरिया और नानसिंह उर्फ नानका को गिरफ्तार किया है। मामले का एक अन्य आरोपी सिलदार पिता जुरलिया फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। पुलिस ने प्रकरण में हत्या, साक्ष्य मिटाने, आपराधिक षड्यंत्र और सामूहिक आपराधिक कृत्य से संबंधित भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराएं 103(1), 238, 61(2) और 3(5) बढ़ाई हैं। मामले की विवेचना जारी है।