मैहर जिले के नादन देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत धनवाही कला में सामुदायिक भवन के निर्माण को लेकर शनिवार दोपहर विवाद हो गया। निर्माण कार्य के दौरान बंदूक लेकर कुछ लोगों के मौके पर पहुंचने और काम बंद कराने का दबाव बनाने का आरोप लगाया गया है। वहीं, ग्राम पंचायत की महिला सरपंच ने अभद्रता, गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत पुलिस से की है। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति हाथ में बंदूक लेकर निर्माण स्थल पर पहुंचता दिखाई दे रहा है।
शासन की सहमति के बाद दोबारा शुरू हुआ था निर्माण कार्य
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत धनवाही कला में सामुदायिक भवन का निर्माण कार्य पहले हुए विवाद के कारण लंबित हो गया था। बाद में शासन की सहमति मिलने के बाद पंचायत ने दोबारा निर्माण कार्य शुरू कराया। शनिवार को निर्माण स्थल पर काम चल रहा था, तभी कुछ लोग वहां पहुंच गए और निर्माण कार्य का विरोध करने लगे। ग्राम पंचायत की सरपंच सुश्मा रामप्रकाश कुशवाहा के अनुसार, मौके पर युवराज सिंह, जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष पुष्पराज सिंह के बड़े भाई ब्रजराज सिंह और रंजीत विश्वकर्मा पहुंचे थे। आरोप है कि ब्रजराज सिंह बंदूक लेकर पहुंचे और निर्माण कार्य बंद कराने का दबाव बनाने लगे। इसके बाद मौके पर विवाद की स्थिति बन गई।
पढे़ं: अनुकंपा नियुक्ति के लंबित मामलों पर चलेगा विशेष अभियान, पदोन्नति से खाली पदों पर मिलेगी नौकरी
महिला सरपंच ने लगाए गंभीर आरोप, पुलिस को सौंपा वीडियो
सरपंच सुश्मा रामप्रकाश कुशवाहा ने नादन देहात थाने में लिखित शिकायत देकर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया है कि उनके साथ अभद्रता और गाली-गलौज की गई। इसके अलावा मारपीट, जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी लगाए गए हैं। सरपंच ने शिकायत के समर्थन में बंदूक लेकर निर्माण स्थल पर पहुंचे व्यक्ति का वीडियो भी पुलिस को सौंपा है। पुलिस शिकायत और वीडियो के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
मामले को लेकर सीएसपी महेंद्र सिंह ने बताया कि ग्राम पंचायत में सामुदायिक भवन का निर्माण कार्य चल रहा है, जिसका कुछ लोग विरोध कर रहे हैं। पिछले दो दिनों से इसको लेकर विवाद की स्थिति बनी हुई थी। शनिवार को ब्रजराज सिंह नामक व्यक्ति अपने साथियों के साथ बंदूक लेकर निर्माण कार्य बंद कराने पहुंचे थे। सीएसपी ने बताया कि पुलिस मामले की तस्दीक कर रही है। वीडियो और शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।