दीपावली की रात पटाखे फोड़ने से मना करना एक युवक को भारी पड़ गया। जिले के कोटल्याखेड़ी गांव में पटाखे फोड़ने को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने दूसरे युवक के पेट में चाकू घोंप दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, घटना रविवार रात गांव के हनुमान मंदिर के सामने हुई। फरियादी संदीप डोंगरे (23) ने पुलिस को बताया कि दीपावली की रात वह अपने पिता शिवनारायण, भाई अमीन और देवेंद्र के साथ मंदिर के सामने खड़ा था। इसी दौरान गांव का शुभम उर्फ यश राजपूत वहां पहुंचा और उनके पास ही पटाखे फोड़ने लगा।
इस पर संदीप और उसके परिजनों ने उसे कुछ दूर जाकर पटाखे फोड़ने के लिए कहा। इसी बात को लेकर शुभम विवाद करने लगा। आरोप है कि उसने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। संदीप ने जब उसे ऐसा करने से रोका तो विवाद और बढ़ गया। इसी दौरान शुभम ने चाकू निकालकर संदीप के पेट पर वार कर दिया।
अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल संदीप को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।
थाना प्रभारी रोशनलाल भारती ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर आरोपी शुभम उर्फ यश राजपूत के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(ए), 115(2), 351(2), 118(1) और एससी-एसटी एक्ट की धारा 3(1)(द), 3(1)(घ) व 3(2)(वीए) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।