{"_id":"6aeacb3db68e53844a0bf3b0","slug":"video-devendra-kumar-bhutto-targets-congress-ahead-of-hamirpur-rally-2026-11-04","type":"video","status":"publish","title_hn":"ऊना: देवेंद्र कुमार भुट्टो बोले- वोट चोरी के आरोप लगाने वाली कांग्रेस जनता के सामने सबूत रखे","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
ऊना: देवेंद्र कुमार भुट्टो बोले- वोट चोरी के आरोप लगाने वाली कांग्रेस जनता के सामने सबूत रखे
Ankesh Dogra
Updated Wed, 04 Nov 2026 11:35 AM IST
Link Copied
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं कुटलैहड़ के पूर्व विधायक देवेंद्र कुमार भुट्टो ने कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस नेता देश में वोट चोरी के आरोप लगाने के बजाय जनता के सामने इसके ठोस सबूत पेश करें। उन्होंने कहा कि एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) की प्रक्रिया कांग्रेस के शासनकाल में भी शुरू हुई थी, लेकिन आज कांग्रेस नेता चुनावी व्यवस्था और संवैधानिक प्रक्रियाओं पर सवाल उठा रहे हैं।
देवेंद्र कुमार भुट्टो कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ हमीरपुर में कांग्रेस के खिलाफ आयोजित विशाल रैली में शामिल होने के लिए रवाना होने से पहले मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस देश और प्रदेश में अराजकता का माहौल पैदा करने का प्रयास कर रही है।
प्रदेश की आर्थिक स्थिति को लेकर सुक्खू सरकार पर निशाना
पूर्व विधायक देवेंद्र कुमार भुट्टो ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उनके मंत्रियों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि हिमाचल प्रदेश की आर्थिक स्थिति लगातार बिगड़ रही है। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री दिल्ली में अपने राजनीतिक आकाओं और प्रदेश की मित्र मंडली को खुश करने के लिए सरकारी खजाने का इस्तेमाल कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के इतिहास में पहली बार लगातार 100 दिनों तक ट्रेजरी बंद रहने जैसी स्थिति देखने को मिली है। इसके चलते आम जनता को अपने छोटे-छोटे सरकारी काम करवाने के लिए भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भुट्टो ने आरोप लगाया कि सरकार बड़े-बड़े दावे कर रही है, जबकि जमीनी स्तर पर लोगों की समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा।
कुटलैहड़ के स्थानीय विधायक विवेक शर्मा पर निशाना साधते हुए देवेंद्र कुमार भुट्टो ने आरोप लगाया कि अढ़ाई साल के कार्यकाल में विधायक आठ बार विदेश दौरे कर चुके हैं, लेकिन क्षेत्र की मूलभूत समस्याएं आज भी जस की तस बनी हुई हैं।
उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और पेयजल जैसी सुविधाओं को लेकर लोग परेशान हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी लोगों को अपनी बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।
भुट्टो ने कहा कि स्थानीय विधायक को राजनीतिक कार्यक्रमों और विदेशी दौरों के बजाय क्षेत्र की जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में कुटलैहड़ की जनता भाजपा को बड़े अंतर से जीत दिलाकर विधानसभा भेजेगी।
देश और प्रदेश की जनता को प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व पर भरोसा : भुट्टो
देवेंद्र कुमार भुट्टो ने कहा कि देश, हिमाचल प्रदेश और कुटलैहड़ की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और नीतियों पर विश्वास रखती है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सरकार की नीतियों से प्रदेश का हर वर्ग परेशान है और आने वाले समय में कांग्रेस को जनता के आक्रोश का सामना करना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि हमीरपुर में आयोजित रैली में कुटलैहड़ से बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता हिस्सा लेने जा रहे हैं। कार्यकर्ताओं में कांग्रेस सरकार के खिलाफ रोष है। भाजपा जनता के मुद्दों को लेकर संघर्ष जारी रखेगी और प्रदेश सरकार की नीतियों को जनता के बीच उजागर करेगी।
इस अवसर पर राज्य भाजपा पंचायती राज प्रकोष्ठ के सह संयोजक कृष्ण पाल शर्मा, जिला भाजपा उपाध्यक्ष बलराम बबलू, मंडल अध्यक्ष राजेंद्र मलांगड़, जिला परिषद सदस्य योगराज योगी, युवा मोर्चा अध्यक्ष नीरज परमार, हर्ष कौशल, सुभाष शास्त्री, सूरम सिंह और राजेंद्र ठाकुर सहित विभिन्न प्रकोष्ठों एवं मोर्चों के पदाधिकारी और सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।