{"_id":"6af5bc93d8bd1d57eb0f60ec","slug":"video-15-year-old-pipeline-in-dilapidated-state-drinking-water-crisis-in-four-villages-for-15-days-2026-11-12","type":"video","status":"publish","title_hn":"15 साल पुरानी पाइपलाइन जर्जर, चार गांवों में 15 दिन से पेयजल संकट","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
15 साल पुरानी पाइपलाइन जर्जर, चार गांवों में 15 दिन से पेयजल संकट
रतिया। उपमंडल के गांव ब्राह्मणवाला स्थित नहर आधारित जलघर से जुड़े चार गांवों में पिछले करीब 15 दिनों से पेयजल संकट बना हुआ है। भाखड़ा नहर से जलघर तक पानी पहुंचाने वाली करीब 15 साल पुरानी मुख्य पाइपलाइन जर्जर होकर जगह-जगह से क्षतिग्रस्त हो चुकी है। इसके चलते नहर का पानी जलघर तक पहुंचने के बजाय रास्ते में ही खेतों में बह रहा है। हालात यह हैं कि जलघर की तीनों डिग्गियां सूख चुकी हैं और ब्राह्मणवाला सहित रोजांवाली, लुठेरा और प्लाट ब्राह्मणवाला के ग्रामीण बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हैं।
समस्या से नाराज चारों गांवों के ग्रामीणों ने वीरवार को ब्राह्मणवाला जलघर में पहुंचकर महापंचायत की और विभाग के प्रति रोष जताया। ग्रामीणों ने मांग की कि पुरानी पाइपलाइन की जगह नई लाइन बिछाई जाए, ताकि चारों गांवों में नियमित पेयजल आपूर्ति बहाल हो सके। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे उच्च अधिकारियों से मिलकर आंदोलन तेज करेंगे।
खेतों में बह रहा नहर का पानी, जलघर की डिग्गियां सूखी
लुठेरा के सरपंच जसविंदर सिंह एडवोकेट, ब्राह्मणवाला के सरपंच प्रतिनिधि हरजीवन सिंह और रोजांवाली के सरपंच पुरुषोत्तम सिंह ने बताया कि चारों गांवों में ब्राह्मणवाला जलघर से पेयजल की आपूर्ति होती है। भाखड़ा नहर से जलघर तक बिछाई गई मुख्य पाइपलाइन करीब 15 साल पुरानी है और अब पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। कई स्थानों पर पाइपलाइन टूटने और लीकेज होने के कारण पानी खेतों में बह रहा है। ग्रामीणों ने स्वयं खेतों में जाकर पाइपलाइन का निरीक्षण किया तो कई जगह लाइन क्षतिग्रस्त मिली।
ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले कई दिनों से जलघर में पर्याप्त पानी नहीं पहुंच रहा, जिसके कारण पानी स्टोर करने वाली तीनों डिग्गियां सूख चुकी हैं। चारों गांवों में पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने से लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भी परेशान होना पड़ रहा है।
मरम्मत के लिए खेत मालिक नहीं दे रहे अनुमति : विभाग
ग्रामीणों ने बताया कि जब उन्होंने विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया तो समस्या का संतोषजनक समाधान नहीं मिला। वहीं, विभाग की ओर से बताया जा रहा है कि पाइपलाइन की मरम्मत के लिए कर्मचारी खेतों में जाते हैं तो कुछ खेत मालिक उन्हें काम नहीं करने दे रहे। इस कारण मरम्मत का काम अटका हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि विभाग को आपसी सहमति बनाकर या अन्य आवश्यक कार्रवाई करके जल्द पाइपलाइन ठीक करवानी चाहिए, ताकि लोगों को पेयजल संकट से राहत मिल सके।
नई पाइपलाइन और बूस्टिंग स्टेशन का प्रस्ताव तैयार कर रहा विभाग
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की एसडीओ आंचल जैन ने बताया कि ब्राह्मणवाला जलघर में भाखड़ा नहर से पानी पहुंचाने वाली पाइपलाइन कुछ स्थानों पर क्षतिग्रस्त है। विभाग के कर्मचारी मरम्मत के लिए खेतों में जाते हैं तो खेत मालिकों द्वारा काम नहीं करने दिया जा रहा। इस संबंध में गांव के सरपंच को अवगत करवाकर खेत मालिकों से सहमति बनाने को कहा गया है। यदि सहमति नहीं बनती है तो पुलिस की सहायता से मरम्मत करवाने के लिए उच्च अधिकारियों को लिखा जाएगा। उन्होंने बताया कि गांव में नई पाइपलाइन बिछाने और नया बूस्टिंग स्टेशन बनाने के लिए भी विभाग की ओर से प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। विभाग ग्रामीणों की पेयजल समस्या का समाधान करवाने के प्रयास कर रहा है।
ये रहे मौजूद: महापंचायत में सरपंच जसविंदर सिंह, सरपंच प्रतिनिधि हरजीवन सिंह, सरपंच पुरुषोत्तम सिंह, पूर्व सरपंच गुरमेल सिंह, केवल सिंह मेट, हरपाल सिंह, रुलदू सिंह, इंद्रजीत सिंह, करनैल सिंह, अर्जुन सिंह सहित चारों गांवों के अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।