बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल और गैस के दामों में लगातार वृद्धि को लेकर कांग्रेस ने कोंडागांव में प्रेसवार्ता आयोजित कर केंद्र सरकार को घेरा। प्रेसवार्ता में जगदलपुर के पूर्व विधायक रेखचंद जैन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया अपीलों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि “अबकी बार मोदी सरकार” के बाद अब देश में “नरेंद्र मोदी गद्दी छोड़” जैसे नारे लगने लगे हैं।
रेखचंद जैन ने कहा कि देश पहले से महंगाई, पेट्रोल-डीजल संकट और बेरोजगारी से जूझ रहा है, ऐसे समय प्रधानमंत्री द्वारा लोगों को खाद्य तेल कम उपयोग करने, वर्क फ्रॉम होम करने, सोना नहीं खरीदने और विदेश यात्रा से बचने की सलाह देना जनता के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा है। उन्होंने कहा कि किसानों को उर्वरक कम उपयोग करने की सलाह देना भी दुर्भाग्यपूर्ण है, जबकि राज्य में अभी तक जरूरत के मुकाबले पर्याप्त उर्वरक उपलब्ध नहीं हो पाया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार में पेट्रोल 70 रुपये से बढ़कर 100 रुपये प्रति लीटर के पार पहुंच गया, जबकि डीजल के दाम भी लगातार बढ़े हैं। कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि पेट्रोलियम उत्पादों पर भारी कर लगाकर केंद्र सरकार ने जनता की जेब पर बोझ डाला है। साथ ही घरेलू बजट बिगड़ने, खाद्य सामग्री महंगी होने और आम आदमी के कर्जदार बनने के लिए केंद्र की आर्थिक नीतियों को जिम्मेदार ठहराया गया।
प्रेसवार्ता में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बस्तर और सरगुजा जैसे क्षेत्रों में पेट्रोल-डीजल की कमी से आम जनता परेशान है तथा कमर्शियल गैस नहीं मिलने से उद्योग प्रभावित हो रहे हैं। कार्यक्रम में कांग्रेस जिलाध्यक्ष रवि घोष, रितेश पटेल, सकुर खान, नरेंद्र देवांगन, कमलेश दुबे, देवेंद्र कोर्राम सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।