अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय परवाणू में पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में डीएसपी परवाणू अनिल शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने और नशे से दूर रहने के लिए जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान डीएसपी अनिल शर्मा ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है। सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नियमों का पालन करने के साथ अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में भी जानकारी दी। डीएसपी ने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे से बचाने के लिए जागरूकता जरूरी है। विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और अपने साथियों को भी इसके खिलाफ जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस की पाठशाला के दौरान विद्यार्थियों ने यातायात नियमों, पुलिस की कार्यप्रणाली और नशे से जुड़े कई सवाल पूछे। डीएसपी अनिल शर्मा ने विद्यार्थियों के सवालों के जवाब देकर उनकी जिज्ञासाओं को शांत किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को कानून, यातायात सुरक्षा और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों के प्रति जागरूक करना रहा। इस दौरान विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनने और समाज में जागरूकता फैलाने का संदेश दिया गया।