शाहजहांपुर में श्री हर कुमार पाठक कन्या इंटर कॉलेज में शुक्रवार को जिला खेल अधिकारी एसपी बमनिया ने कहा कि आज के युग में खेलकूद में अपार संभावनाएं हैं। लड़कियों के सामने भी कॅरिअर बनाने के कई रास्ते हैं। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित अपराजिता कार्यक्रम में वह छात्राओं को संबोधित कर रहे थे। छात्राओं ने सवाल पूछकर अपनी जिज्ञासा को शांत किया। कार्यक्रम में करीब 80 छात्राएं मौजूद रहीं।
जिला खेल अधिकारी ने छात्राओं से कहा कि हाल में ही महिला वर्ल्ड कप में भारतीय टीम की जीत के बाद बालिकाओं में क्रिकेट के प्रति उत्साह बढ़ा है। छात्राओं को शिक्षा के साथ ही खेलकूद पर भी ध्यान देना चाहिए। इससे न सिर्फ शारीरिक-मानसिक मजबूती मिलती है बल्कि कॅरिअर की राह भी खुलती है। इंडोर व आउटडोर खेल के जरिये अपना हुनर निखार सकते हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश से लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक खेलकूद में भाग लेने वालों के सरकारी नौकरी मिलने की संभावना भी रहती है। छात्राएं भी खेल के मैदान पर उतरे और खुद को कम न समझकर बेहतर प्रदर्शन कर नाम रोशन करें।
जिला खेल अधिकारी ने बताया कि मैदान पर समय बिताने से पढ़ाई का स्तर सुधरेगा, साथ ही रिजल्ट भी बेहतर हो जाएगा। तीरंदाजी, क्रिकेट, फुटबाल, हॉकी समेत कई खेलों में अपना कॅरिअर बना सकते हैं। महिलाएं हर क्षेत्र में अग्रणी हैं तो खेल में पीछे क्यों रह जाती हैं? जीवन में पढ़ाई के साथ खेल का महत्व होना चाहिए। उन्होंने स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेल संबंधी सुविधाओं के बारे में छात्राओं को बताया। कॉलेज की प्राचार्य ब्यूटी ने अतिथि का आभार जताया। कार्यक्रम में अंजुम उस्मानी, अंजू, अनीता देवी, मीना बाली, दीपशिखा आदि मौजूद रहीं।