नागौर जिले में नगर निकाय चुनाव के नामांकन के आखिरी दिन बासनी नगर पालिका में कांग्रेस के टिकट वितरण को लेकर जमकर हंगामा हुआ। कांग्रेस के चुनाव प्रभारी नवनीत सिंह टुटेजा जब पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों को सिंबल देने पहुंचे तो टिकट नहीं मिलने से नाराज दावेदारों और उनके समर्थकों ने उनके सामने ही विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान ‘कांग्रेस मुर्दाबाद’ के नारे भी लगाए गए।
नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख होने के कारण सोमवार को बासनी में राजनीतिक सरगर्मियां तेज रहीं। कई दावेदार लंबे समय से चुनाव की तैयारी कर रहे थे, लेकिन अंतिम समय में टिकट नहीं मिलने से उनमें नाराजगी बढ़ गई। देखते ही देखते यह नाराजगी विरोध में बदल गई और कार्यकर्ताओं ने पार्टी नेतृत्व के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।
‘रात को फोन कर तैयारी करने को कहा, सुबह टिकट काट दिया’
नाराज कार्यकर्ताओं का आरोप है कि स्थानीय नेताओं और पार्टी पदाधिकारियों ने उन्हें चुनाव की तैयारी करने और नामांकन भरने के लिए कहा था। कई कार्यकर्ताओं का दावा है कि उन्होंने लंबे समय से अपने-अपने वार्डों में पार्टी के लिए काम किया और चुनाव की तैयारी भी शुरू कर दी थी। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि अंतिम समय पर उनके टिकट काटकर परिवार से जुड़े लोगों को टिकट दे दिए गए। इसे लेकर उन्होंने पार्टी नेतृत्व पर परिवारवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। एक नाराज कार्यकर्ता ने कहा कि उसने PCC स्तर के पदाधिकारियों और स्थानीय नेताओं से भी बातचीत की थी। उसे आश्वासन दिया गया था कि टिकट वितरण में परिवारवाद नहीं होगा, लेकिन उसके मुताबिक टिकट वितरण में परिवारवाद किया गया।
‘एक-एक चेयरमैन दावेदार के परिवार को कई टिकट’
विरोध कर रहे कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कई वार्डों में एक ही परिवार के लोगों को टिकट दिए गए हैं। एक कार्यकर्ता ने दावा किया कि कम से कम सात वार्डों में टिकट कटने को लेकर विरोध है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि जो लोग वर्षों से कांग्रेस के लिए काम कर रहे थे, उनके टिकट काटकर उनके परिवार के सदस्यों को टिकट दिए गए। नाराज कार्यकर्ताओं ने इसे पार्टी के साथ दोगलापन बताते हुए विरोध जारी रखने की बात कही। एक कार्यकर्ता ने कहा कि वह 2015 और 2020 में कांग्रेस से पार्षद रह चुका है, लेकिन इस बार उसका टिकट काट दिया गया। उसने नाराजगी जताते हुए निर्दलीय चुनाव लड़ने और कांग्रेस का विरोध करने की बात कही।
पढ़ें: जिस सेंटर पर NEET PG की परीक्षा रद्द हुई, उसी सेंटर पर AIIMS CRE-5 के एग्जाम को लेकर बवाल; वजह क्या?
‘जनता सिंबल नहीं, उम्मीदवार देखकर वोट देगी’
नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि इस बार मतदाता केवल पार्टी के चुनाव चिन्ह को देखकर मतदान नहीं करेगा। उनके मुताबिक जनता उम्मीदवार की व्यक्तिगत छवि, उसके काम और क्षेत्र में उसकी पकड़ को देखकर फैसला करेगी। कार्यकर्ताओं ने पार्टी नेतृत्व को चेतावनी दी कि टिकट वितरण को लेकर नाराजगी को नजरअंदाज किया गया तो इसका असर चुनाव परिणामों पर पड़ सकता है।
प्रभारी बोले- ‘टिकट तो 40 ही देने हैं, बाकी को संगठन में एडजस्ट करेंगे’
विरोध के बीच कांग्रेस चुनाव प्रभारी नवनीत सिंह टुटेजा ने नाराज कार्यकर्ताओं को लेकर कहा कि नगर निकाय चुनाव में टिकट की संख्या सीमित है और सभी दावेदारों को टिकट देना संभव नहीं है। उन्होंने कहा, ‘टिकट तो हमें 40 ही देने हैं। जो रह गए हैं, उनको संगठन में एडजस्ट करेंगे।’ टुटेजा ने कहा कि पार्टी में जो भी कार्यकर्ता नाराज हैं, उन्हें समझाया जाएगा और सभी को साथ लेकर चलने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस कार्यकर्ता पार्टी के साथ मजबूती से खड़ा है और पार्टी को किसी तरह की चिंता नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बासनी में 100 प्रतिशत बोर्ड बनाएगी।
बागी उम्मीदवार बनेंगे चुनौती?
बासनी में टिकट वितरण को लेकर सामने आया विरोध कांग्रेस के लिए चुनावी चुनौती बन सकता है। एक तरफ पार्टी प्रभारी नाराज कार्यकर्ताओं को मनाने और संगठन में जिम्मेदारी देने की बात कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ टिकट कटने से नाराज दावेदार निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान कर रहे हैं। अब देखना होगा कि कांग्रेस नेतृत्व नामांकन वापसी से पहले नाराज दावेदारों को मना पाता है या नहीं। अगर बागी उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतरते हैं तो वे पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के लिए चुनौती बन सकते हैं।
नागौर नगर निकाय चुनाव का शेड्यूल
नागौर जिले में नगर निकाय चुनाव दो चरणों में आयोजित होने हैं। पहले चरण में नागौर, जायल, मूंडवा, कुचेरा, बासनी-बेहलीमा, रियांबड़ी और मेड़ता रोड सहित विभिन्न नगर निकायों में चुनाव होंगे। नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन सोमवार को राजनीतिक दलों के प्रत्याशी और निर्दलीय दावेदार नामांकन दाखिल करने में जुटे रहे। अब निगाहें नामांकन वापसी और चुनावी मैदान में उतरने वाले बागी उम्मीदवारों पर हैं। बासनी में कांग्रेस के भीतर टिकट वितरण को लेकर शुरू हुआ विवाद आने वाले दिनों में स्थानीय चुनावी समीकरणों पर असर डाल सकता है।