कोटा जिला कलेक्टर पीयूष समारिया शहर के दौरे पर निकले और बारिश के बाद क्षतिग्रस्त हुई शहर की मुख्य सड़कों एवं चैराहों का निरीक्षण किया। उन्होंने शहर के मुख्य चैराहों एवं चंबल नई पुलिया पर अत्यधिक क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत रक्षाबंधन से पहले करने के निर्देश केडीए अधिकारियों को दिए। जिला कलेक्टर सबसे पहले नयापुरा स्थित विवेकानन्द सर्किल पहुंचे और सर्किल के आसपास क्षतिग्रस्त सड़क ठीक करने के निर्देश दिए। इसके बाद वे सीधे कुन्हाड़ी पेट्रोल पंप चैराहा पहुंचे और वहां चैराहे के आसपास उखड़ी हुई सड़क दो दिन में सही कराने के निर्देश केडीए अधिकारियों को दिए।
जिला कलेक्टर ने कहा कि सर्किल पर गड्ढे एवं ऊबड़-खाबड़ सड़कों से दुपहिया एवं चैपहिया वाहन चालकों को परेशानी होती है। जहां बार-बार गड्ढे पड़ने और सड़क उखड़ने की शिकायत आ रही है वहां ढलान और सड़क का अलाइनमेंट चेक करने के बाद सीसी पेचवर्क किया जाए। जिला कलेक्टर ने डिफेक्ट लायबिलिटी पीरियड की सड़कों की मरम्मत संबंधित ठेकेदार से करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरम्मत ऐसी हो कि पेचवर्क लंबे समय तक चलें। समारिया ने जेडीबी कॉलेज के सामने स्थित सर्किल स्थित फव्वारा देखा और केडीए अधिकारियों को पूछा कि यह चलता है या नहीं? उन्होंने सर्किल पर घास की कटिंग करवाने और सौंदर्यकरण करने के निर्देश दिए।
ये भी पढ़ें-
टीन शेड में चल रही बेटियों की पढ़ाई, जर्जर स्कूल भवन बना खतरा, पढ़ाई छोड़ने को मजबूर छात्राएं
जिला कलेक्टर ने एरोड्रम सर्किल पर टूटी हुई सड़क एवं गड्ढे दो दिन में ठीक कराने के निर्देश दिए। इसके बाद वे गणेश नगर स्थित धरणीधर चैराहा पहुंचे और वहां क्षतिग्रस्त डिवाइडर ठीक करने के निर्देश दिए। नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ऑफिस के सामने क्षतिग्रस्त सड़क एवं स्पीड ब्रेकर की मरम्मत शीघ्र करने के निर्देश उन्होंने अधिकारियों को दिए।केडीए, नगर निगम एवं पीएचईडी अधिकारियों की एक संयुक्त टीम उन सड़कों का चिन्हीकरण करे जहां नीचे पानी एवं सीवर लाइन होने के कारण ओवरफ्लो से सड़कों को नुकसान होता है। उन्होंने इसका समाधान निकालने के भी निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कार्य में गुणवत्तापूर्ण सामग्री का उपयोग करने, ढलान का ध्यान रखने, तथा रोड़ कट कर क्वालिटी पेचवर्क करने के निर्देश दिए ताकि रिपेयर की हुई सड़क अगली बारिश में फिर से नहीं टूटे।