जिले में आज सवेरे हुए दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार मिनी बस असंतुलित होकर पुलिया से नीचे गिर गई। हादसे ने 8 लोगों की जिंदगी लील ली। हादसा कोटा ग्रामीण क्षेत्र में कराड़िया गांव के नजदीक हुआ। बस में सवार लोग मध्यप्रदेश के बैतूल से दर्शन करने खाटूश्याम जा रहे थे। कोटा प्रवास पर मौजूद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने इस दर्दनाक सड़क हादसे में दुख जताया है।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए स्पीकर बिरला तुरंत न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे और घायलों की कुशलक्षेम पूछी। साथ ही उन्होनें चिकित्सको को घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश भी दिए। इस दौरान जिला कलेक्टर, शहर पुलिस अधीक्षक सहित चिकित्सा विभाग से जुडे़ अधिकारी मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें: कोटा: अस्पताल में फिर सिजेरियन के बाद मौत! 5 महीने पहले 5 प्रसूताओं ने गंवाई थी जान, दूसरी महिला आईसीयू में
स्पीकर बिरला ने कहा कि ये हादसा काफी दुखद है और इस पूरी घटना की जांच करवाई जा रही है। जांच के बाद जो तथ्य और कमियां सामने आएंगी उन्हें दूर किया जाएगा। भविष्य इस तरह की घटनाएं फिर से न हों इसके लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के अलावा अन्य हाइवे पर टीमें लगातार मॉनिटरिंग कर रही हैं। कुछ कमियां सामने आई हैं, उन्हें दूर करने के लिए तकनीक अपनाई जा रही है। हादसे में जिन लोगों की मौत हुई है उनके परिजन भी कोटा पहुंच रहे हैं। परिजनों को यहां पर कोई परेशानी न हो इसके लिए भी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।
नींद की झपकी ने ली आठ लोगों की जान
हादसे के पीछे जांच करने पर अभी तक सामने आया है कि ट्रेवल एजेंसी के बस चालक को अचानक से नींद की झपकी आ गई थी, जिसकी वजह से ये दर्दनाक हादसा हो गया। दरअसल बस में 20 से अधिक लोग सवार थे, जो कि मध्यप्रदेश के बैतूल के निवासी थे और कोटा बायपास से होकर खाटूश्यामजी दर्शन करने जा रहे थे। हादसे में बस असंतुलित होकर पुलिया से 15 फीट नीचे गिर गई थी।