जिले में 76वें गणतंत्र दिवस का आयोजन हर्षोल्लास और भव्यता के साथ किया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह करौली के मुंशी त्रिलोकचंद माथुर स्टेडियम में आयोजित हुआ, जहां जिला कलेक्टर नीलाभ सक्सेना ने ध्वजारोहण कर परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली। इस अवसर पर एडीएम हेमराज परिडवाल ने राज्यपाल का संदेश पढ़ा। कार्यक्रम में जिले के शहीदों की वीरांगनाओं को शॉल और मिठाई भेंट कर सम्मानित किया गया। जिले में शिक्षा, खेल, प्रशासन और सामाजिक सेवा में विशेष योगदान देने वाले 37 लोगों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
समारोह में स्कूली बच्चों ने शानदार सांस्कृतिक और शारीरिक प्रस्तुतियां दीं। सूर्य नमस्कार, शारीरिक व्यायाम और विभिन्न करतबों का प्रदर्शन कर बच्चों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बच्चों ने देशभक्ति और परंपरा से ओतप्रोत नृत्य व संगीत प्रस्तुत कर माहौल को जीवंत बना दिया।
विभिन्न सरकारी विभागों ने योजनाओं और विकास कार्यों को दर्शाती झांकियां प्रदर्शित कीं। इनमें महिला एवं बाल विकास विभाग, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और अन्य विभागों की झांकियां शामिल थीं, जिन्होंने जनता को जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस जवानों और महिला एवं बाल विकास विभाग की कार्यकर्ताओं ने विशेष कार्यक्रम प्रस्तुत किए। समारोह में कलेक्टर नीलाभ सक्सेना समेत एसपी बृजेश ज्योति उपाध्याय, जनप्रतिनिधि, जिला स्तरीय अधिकारी और आमजन बड़ी संख्या में मौजूद रहे।