बाड़मेर के नगर निकाय चुनाव के दूसरे चरण के तहत मतदान प्रक्रिया चल रही है। इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो धोरीमन्ना नगरपालिका के वार्ड नंबर 5 का बताया जा रहा है। इसमें वोट मांगने पहुंचे भाजपा प्रत्याशी माडूदेवी के रिश्तेदार को कांग्रेस प्रत्याशी इमरती देवी की रिश्तेदार महिला द्वारा थप्पड़ मारते हुए दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। घटना के बाद मौके पर हंगामा हो गया। दोनों पक्ष अपने-अपने प्रत्याशियों के लिए घर-घर जाकर वोट की अपील करने पहुंचे थे। इसी दौरान विवाद हुआ और कांग्रेस प्रत्याशी की रिश्तेदार महिला ने भाजपा प्रत्याशी के रिश्तेदार को थप्पड़ मार दिया।
धोरीमन्ना के 20 वार्डों में हो रहा मतदान
नगर निकाय आम चुनाव 2026 के द्वितीय चरण के तहत शुक्रवार को धोरीमन्ना के 20 वार्डों में मतदान हो रहा है। शुक्रवार सुबह 7:00 बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई है। यहां 20 मतदान केंद्रों पर 3,791 पुरुष और 3,571 महिला मतदाता अपने मतदान केंद्र पर मतदान कर शहर की सरकार चुन रहे हैं। क्षेत्र में चल रहे शांतिपूर्ण मतदान के बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें वोट मांगने को लेकर हंगामा होने की बात सामने आ रही है। वीडियो धोरीमन्ना नगरपालिका के वार्ड नंबर 5 का बताया जा रहा है। इसमें वोट मांगने पहुंचे भाजपा प्रत्याशी माडूदेवी के रिश्तेदार को कांग्रेस प्रत्याशी इमरती देवी की रिश्तेदार महिला ने थप्पड़ जड़ दिया।
ये भी पढ़ें-
राजस्थान निकाय चुनाव: वोटिंग को लेकर कई जगह विवाद, जयपुर में बूथ पर हंगामा तो बाड़मेर में मारपीट
सात हजार से अधिक मतदाता, तीन बूथ संवेदनशील
धोरीमन्ना नगरपालिका क्षेत्र में कुल 7,362 मतदाता हैं। इनमें 3,791 पुरुष और 3,571 महिला वोटर हैं। वहीं, 20 बूथों पर मतदान होगा। तीन बूथों को संवेदनशील बनाया गया है। प्रशासन द्वारा मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न करवाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। सुबह 7:00 बजे से शुरू हुई मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से चल रही है। मतदान शाम 6:00 बजे तक होगा।