जिले के मालाखेड़ा थाना क्षेत्र स्थित पाड़लिया गांव में रविवार देर शाम रास्ते को लेकर दो सगे भाइयों के पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। घटना में एक पक्ष चंदू खान और उसका बेटा इरशाद गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को पहले मालाखेड़ा अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें अलवर रैफर कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार चंदू खान अपने मकान का निर्माण करवा रहा था, जब वह घर के सामने रास्ते के किनारे डंड़ा (बाड़) लगाने लगा, तभी उसका बड़ा भाई सरसमल, सुभान और अन्य परिजन वहां पहुंच गए और रास्ते को लेकर विवाद करने लगे। यह रास्ता साझा बताया जा रहा है, जिससे दोनों परिवारों का आना-जाना होता है। विवाद के बाद बात इतनी बढ़ गई कि दूसरे पक्ष ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से चंदू खान और उसके बेटे इरशाद पर हमला कर दिया। इस हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और खून से लथपथ हालत में उन्हें इलाज के लिए तुरंत अस्पताल ले जाया गया।
ये भी पढ़ें: Rajasthan Weather Update: आंधी-बारिश से पारा 10 डिग्री तक लुढ़का, अगले 24 घंटों में तापमान में फिर आएगी तेजी
घटना की जानकारी मिलते ही मालाखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि खबर लिखे जाने तक घायल चंदू और इरशाद से अस्पताल में पूछताछ नहीं हो सकी थी और हमलावर पक्ष के लोग फरार बताए जा रहे हैं।
गांव में इस घटना के बाद से तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। एहतियात के तौर पर गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति को रोका जा सके। पुलिस अब हमलावरों की तलाश में दबिश दे रही है।