अलवर जिले के बड़ौदा मेव थाना क्षेत्र में आधा बिस्वा जमीन को लेकर दो पड़ोसी परिवारों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष की महिलाओं पर सरियों और फरसी से हमला कर दिया। घटना में तीन महिलाएं घायल हो गईं। इनमें कविता की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें जयपुर रेफर करने की तैयारी की जा रही है।
घायल महिलाओं को उपचार के लिए अलवर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच आधा बिस्वा जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के दौरान करण, बंटी, लोकेश, विनोद, कमलेश सहित अन्य लोगों पर महिलाओं के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया गया है।
पढ़ें: तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलटी, दो लोगों की मौत; एक का शव कार के बाहर मिला
मारपीट का वीडियो सामने आया
घटना से जुड़ा मारपीट का वीडियो भी सामने आया है। हालांकि, वीडियो में दिखाई देने वाली घटना और हमले की पूरी परिस्थितियों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। घटना के बाद घायल महिलाओं को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पीड़ित पक्ष ने पुलिस से की शिकायत
पीड़ित पक्ष ने मामले में थाने में शिकायत दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जमीन विवाद को लेकर हुई इस घटना में हमले की पूरी वजह और आरोपियों की भूमिका जांच के बाद स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल, गंभीर रूप से घायल कविता के उपचार पर ध्यान दिया जा रहा है।