रविवार को नेशनल हाईवे-48 स्थित 27 मील फ्लाईओवर पर एक बड़ा हादसा टल गया, जब टाइल्स से भरे एक ट्रेलर में अचानक आग लग गई। ट्रेलर गुजरात के मोरबी से राजस्थान की ओर आ रहा था, तभी चलती गाड़ी में आग की लपटें उठीं और देखते ही देखते पूरा ट्रेलर आग की चपेट में आ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगते ही हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के वाहन चालक तुरंत सतर्क हुए और पुलिस व दमकल विभाग को सूचना दी। मौके पर बिजयनगर थाने से दीवान शंकरलाल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने तत्काल नगर पालिका की दमकल इकाई को सूचना दी। टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
पढ़ें: गुपचुप धर्मांतरण की सूचना पर छापा, हिंदूवादी संगठनों में रोष; पुलिस बोली- कार्रवाई करेंगे
हालांकि आग इतनी भीषण थी कि ट्रेलर में भरी लाखों रुपये की टाइल्स पूरी तरह जलकर नष्ट हो गईं। सौभाग्यवश ट्रेलर चालक समय रहते वाहन से उतर गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। ट्रेलर के मालिक, जो कि राजसमंद जिले के निवासी हैं, मौके पर पहुंचे और भारी आर्थिक नुकसान देख काफी व्यथित हो गए।
घटना की जानकारी मिलने पर NHAI की टीम भी मौके पर पहुंची और यातायात सुचारू करने के प्रयास शुरू किए। आग के कारण फ्लाईओवर पर कुछ समय के लिए ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई थी, जिसे बाद में ट्रेलर को सड़क किनारे हटाकर सामान्य किया गया।
प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण तकनीकी खामी या ब्रेक शू से निकली चिंगारी माना जा रहा है। हालांकि, सटीक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस और तकनीकी टीम जांच में जुटी है।