आधुनिकता के दौर में जहां ग्रामीण परंपराएं धीरे-धीरे सिमटती जा रही हैं, वहीं उमरिया जिले की ग्राम पंचायत नरवार-25 में द्वापर युग से जुड़ी लोकपरंपरा आज भी पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ निभाई जा रही है। गोवर्धन पूजा के अवसर पर मादर की थाप, बांसुरी की मधुर तान और थाली की गूंज के बीच पारंपरिक वेशभूषा में ग्वालों ने नृत्य किया तो पूरा माहौल भक्तिमय हो उठा। भगवान श्रीकृष्ण की गोवर्धन लीला की स्मृति में आयोजित इस पर्व में धार्मिक आस्था के साथ नरवार की समृद्ध लोकसंस्कृति की झलक भी देखने को मिली।
दीपावली के अवसर पर आयोजित गोवर्धन पूजा में आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। गांव के खेर माता मंदिर परिसर में दुबे परंपरा के अनुसार धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए। इस दौरान छाहुर लेकर पंडा और ग्वालों ने गौवंश की पूजा-अर्चना की। इसके बाद मादर, बांसुरी और थाली की पारंपरिक धुनों के साथ उत्सव शुरू हुआ। लोकधुनों पर ग्वालों का नृत्य और ग्रामीणों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
पढे़ं: एनएच-44 पर ट्रक-कार की भिड़ंत में चार की मौत, पांच घायल; नर्मदा स्नान करने जा रहे थे सभी
सात दिनों तक पर्वत उठाकर की थी ब्रजवासियों की रक्षा
गोवर्धन पूजा का धार्मिक महत्व भगवान श्रीकृष्ण की द्वापर युग की प्रसिद्ध लीला से जुड़ा है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान श्रीकृष्ण ने ब्रजवासियों को इंद्र की पूजा के बजाय गोवर्धन पर्वत, गौवंश और प्रकृति की पूजा करने की प्रेरणा दी थी। इससे क्रोधित होकर इंद्र ने ब्रज में मूसलाधार बारिश शुरू कर दी। तब भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी कनिष्ठा अंगुली पर गोवर्धन पर्वत उठाकर लगातार सात दिनों तक ब्रजवासियों और गायों को वर्षा से सुरक्षित रखा। इसी लीला की स्मृति में कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा को गोवर्धन पूजा मनाई जाती है।
गौवंश और प्रकृति के संरक्षण का संदेश
यह पर्व केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं है, बल्कि भारतीय कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था में गौवंश के योगदान को सम्मान देने का अवसर भी है। गाय और बैल खेती, दुग्ध उत्पादन तथा ग्रामीण आजीविका के महत्वपूर्ण आधार रहे हैं। गोबर से गोवर्धन की आकृति बनाना, अन्नकूट तैयार करना और गौवंश को सजाकर उनकी पूजा करना इसी परंपरा का हिस्सा है। इसके माध्यम से प्रकृति, जल, जंगल, जमीन और पशुधन के संरक्षण का संदेश भी दिया जाता है।
पीढ़ियों से सहेजी जा रही लोकसंस्कृति
नरवार-25 में मादर और बांसुरी की धुन पर ग्वालों का पारंपरिक नृत्य इस आयोजन की खास पहचान रहा। यह केवल उत्सव या मनोरंजन नहीं, बल्कि पीढ़ियों से चली आ रही सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। खास बात यह है कि ग्रामीण आज भी इस परंपरा को पूरी श्रद्धा के साथ निभा रहे हैं और नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ रहे हैं। नरवार का गोवर्धन पूजा आयोजन यह संदेश दे गया कि संस्कृति की असली पहचान आधुनिक मंचों पर नहीं, बल्कि गांवों की मिट्टी, लोकधुनों और पीढ़ियों से चली आ रही परंपराओं में बसती है। मादर की थाप और बांसुरी की तान के बीच यहां द्वापर युग की स्मृतियां एक बार फिर जीवंत हो उठीं।