सीहोर जिले के रेहटी थाना क्षेत्र में हॉर्न बजाने की मामूली बात ने ऐसा हिंसक रूप ले लिया कि एक युवक की जान चली गई। पुरानी रंजिश के बीच शुरू हुआ विवाद कुछ ही मिनटों में खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोपियों ने युवक पर डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भोपाल के तीन आरोपियों सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में इस्तेमाल कार और डंडे भी जब्त कर लिए गए हैं।
वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में चला ऑपरेशन
पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीता रावत एवं एसडीओपी बुदनी रवि शर्मा के निर्देशन में रेहटी थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कहारे के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। अधिकारियों ने घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
रमाबाई की शिकायत पर दर्ज हुआ हत्या का मामला
2 जुलाई को फरियादिया रमाबाई पति सबरसिंह यदुवंशी निवासी महागांव जदीद ने रेहटी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि संदीप, विनीत और उनके साथियों ने उनके भाई सुनील यदुवंशी के साथ डंडों से बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
ये भी पढ़ें-दो परिवारों की रंजिश में उजड़ गई मां की कोख, मारपीट के बाद गर्भ में पल रहे जुड़वा बच्चों की मौत
हॉर्न बजते ही भड़का विवाद
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि 1 जुलाई की रात करीब 11 बजे आरोपी संदीप अपने रिश्तेदार विनीत और दोस्तों मोहित व प्रदीप के साथ कार से महागांव जदीद पहुंचे थे। घर के सामने सड़क पर एक स्कूटी खड़ी थी, जिससे रास्ता बाधित हो रहा था। इसी वजह से कार चालक ने हॉर्न बजाया। आवाज सुनकर सुनील यदुवंशी घर से बाहर निकला। पहले से चली आ रही पुरानी रंजिश के कारण विवाद तेजी से बढ़ गया। गाली-गलौज के बाद माहौल अचानक हिंसक हो गया।
कुछ ही मिनटों में शुरू हो गया जानलेवा हमला
विवाद बढ़ते ही चारों आरोपी कार से नीचे उतरे और पास पड़े डंडों से सुनील यदुवंशी पर ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया। हमला इतना बेरहम था कि सुनील गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा। घटना स्थल पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी घरों से बाहर निकल आए।
बचाने आए परिजनों को भी नहीं छोड़ा
जब सुनील को बचाने के लिए उसके जीजा सबरसिंह और बहन रमाबाई मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया। आरोपियों ने सबरसिंह के सिर पर डंडे से वार किया। बीच-बचाव करने आए पूनम यदुवंशी को भी मारपीट कर मौके से भगा दिया गया। हमले के बाद चारों आरोपी नीले रंग की कार में बैठकर मौके से फरार हो गए।
ये भी पढ़ें- शादी से आ रहे युवकों के साथ लूट की वारदात, विरोध करने हमलावरों का जानलेवा प्रहार; तीनों की हालत गंभीर
24 घंटे में गिरफ्तारी, कार और डंडे जब्त
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी साक्ष्य और पूछताछ के आधार पर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयुक्त नीले रंग की होंडा ब्रियो कार क्रमांक MP04CK3660 और वारदात में इस्तेमाल डंडों को भी जब्त कर लिया गया। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में संदीप पिता सुरेश यदुवंशी (32) निवासी महागांव जदीद, विनीत पिता उमेश यदुवंशी (28) निवासी खड़गांव, हाल एलआईजी-67, एच सेक्टर, अयोध्या नगर-भोपाल, मोहित पिता रामभरोस धनवारे (20) निवासी दिगवाड़, हाल गुप्ता कॉलोनी, अशोका गार्डन-भोपाल, प्रदीप पिता भंवरसिंह यदुवंशी (23) निवासी एच-83, ग्राम अरेड़ी, पार्वती नगर, अयोध्या नगर, भोपाल शामिल हैं।