{"_id":"6aae025fb31f90e5bf081b1f","slug":"a-body-was-found-inside-a-house-after-four-days-with-injury-marks-on-the-body-panic-spread-amid-suspicions-of-murder-satna-news-c-1-1-noi1567-4741349-2026-09-19","type":"story","status":"publish","title_hn":"सतना: घर में अकेले रह रहे बुजुर्ग की संदिग्ध हालात में मौत, तख्त पर मिला तीन-चार दिन पुराना शव, हत्या की आशंका","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
सतना: घर में अकेले रह रहे बुजुर्ग की संदिग्ध हालात में मौत, तख्त पर मिला तीन-चार दिन पुराना शव, हत्या की आशंका
Sat, 19 Sep 2026 09:45 AM IST
सतना ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सतना
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सतना
Published by: सतना ब्यूरो
Updated Sat, 19 Sep 2026 09:45 AM IST
सार
सतना में पशुपतिनाथ मंदिर के पास घर में 65 वर्षीय व्यक्ति का 3-4 दिन पुराना शव मिलने से सनसनी फैल गई। शरीर पर चोट और कमरे में खून के निशान मिलने के बाद पुलिस ने हत्या की आशंका जताई है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।
विज्ञापन
संदिग्ध हालत में मिला बुजुर्ग का तीन से चार दिन पुराना शव
विस्तार
शहर के सिविल लाइन थाना अंतर्गत सुप्रसिद्ध पशुपतिनाथ मंदिर के पास एक मकान में एक व्यक्ति का शव मिलने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। मृतक की शिनाख्त 65 वर्षीय रमाशंकर गर्ग के रूप में हुई है, जो अपने घर में अकेले रहते थे, उनका परिवार बाहर रहता है।
विज्ञापन
दुर्गंध आने से हुआ खुलासा
शुक्रवार की देर रात करीब 3 से 4 दिन पुराना शव मिलने से यह सनसनीखेज मामला सामने आया। आसपास के लोगों को घर से तेज दुर्गंध आने पर शक हुआ, जिसके बाद उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी।
विज्ञापन
सूचना पर सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और घर के बाहर से लगी कुंडी को खोला। पुलिस ने अंदर जाकर देखा तो रमाशंकर गर्ग का शव कमरे में तख्त पर पड़ा था। शव की हालत देखकर लग रहा था कि मौत को कुछ दिन बीत चुके हैं। शव के आसपास खून के निशान भी मिले हैं और शरीर पर गंभीर चोटें दिखाई दे रही हैं। इन स्थितियों को देखते हुए पुलिस ने हत्या की आशंका जताई है और फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया है। टीम ने कमरे और आसपास के हिस्से की बारीकी से जांच कर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें: इंदौरः राहुल गांधी के लिए एयरपोर्ट से विजय नगर तक लगेंगे स्वागत मंच, ट्रैफिक पुलिस ने जारी किया डायवर्जन प्लान
हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस
पुलिस अब इस मामले की गहराई से जांच कर यह पता लगाने में जुटी है कि रमाशंकर गर्ग की मौत किन परिस्थितियों में हुई और क्या उनकी मौत से पहले किसी बाहरी व्यक्ति का घर में आवागमन हुआ था। अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और हत्या की वजह की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और तकनीकी साक्ष्यों की भी मदद ले रही है।
इस सनसनी खेज घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है। लोग अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। अमर उजाला से बातचीत मे सिविल लाइन टीआई प्रीती विश्वकर्मा ने कहा कि इस मामले की तेजी से जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द से गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
