सीहोर जिले के ग्राम जताखेड़ा स्थित सेंट मार्टिन स्कूल शुक्रवार को उस समय जिले भर में चर्चा का केंद्र बन गया, जब स्कूल के भीतर मासूम बच्चों के साथ हुई अमानवीयता का भयानक सच सामने आया। आरोप है कि होमवर्क पूरा न करने वाले बच्चों को कड़ाके की ठंड में कपड़े उतरवाकर अर्धनग्न खड़ा कर दिया गया। बच्चों के बिना कपड़ों के खड़े होने की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं। अभिभावकों ने बताया कि बच्चों से मैदान की सफाई, झाड़ू लगवाना और पेड़-पौधों में पानी डलवाने जैसे काम कराए जाते थे। गलती होने पर उन्हें पीटा जाता, डराया जाता और अपमानित किया जाता था। बच्चों के भीतर भय और टूटन का माहौल लगातार गहराता जा रहा था।
बच्चों की जुबानी रोज़ का जुल्म
कक्षा सातवीं के बच्चों ने अभिभावकों और बजरंग दल नेता जगदीश कुशवाह के सामने रोते हुए बताया कि नवंबर के पहले उन्हें रोज कपड़े उतरवाकर ठंड में खड़ा किया जाता था। गार्ड अमर सिंह वर्मा बच्चों पर तेल डालता, उन्हें पीटता और धमकाता था। बच्चों ने बताया कि यह सब प्राचार्य समरीन खान के निर्देश पर होता था। ड्राइवर शिबू जाफरी बच्चों से ग्राउंड में पत्थर बिनवाता, मारपीट करता और प्रोजेक्ट में नंबर काटने की धमकी देता था। बच्चों की मासूमियत रोज़ जख्मी की जा रही थी। बजरंग दल नेता कुशवाह ने बताया कि प्राचार्य समरीन खान द्वारा उन्हें तिलक लगाने और कलावा बांधने से भी रोका जाता था। इससे आक्रोशित होकर बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की।
ये भी पढ़ें- मां की अमानवीयता, कड़ाके की ठंड में नवजात को फेंका, मौके पर मौत से मऊगंज में सनसनी
अभिभावकों का फूटा आक्रोश, स्कूल में हंगामा
सच्चाई सामने आने के बाद शुक्रवार को अभिभावक बजरंग दल और सामाजिक संगठनों के साथ स्कूल पहुंचे। स्कूल परिसर नारों से गूंज उठा। हालात बिगड़ते देख थाना मंडी से भारी पुलिस बल, तहसीलदार और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने स्कूल गेट के सामने बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ किया और बच्चों की रक्षा का संकल्प लिया। माता-पिता की आंखों में अपने बच्चों का दर्द साफ झलक रहा था।
प्रशासन की सख्त कार्रवाई, दोषियों पर गिरी गाज
जिला शिक्षा अधिकारी एसएस तोमर ने मौके पर पहुंचकर बच्चों से अलग-अलग पूछताछ की। जांच में सभी आरोप सही पाए गए। इसके बाद तत्काल प्रभाव से स्कूल की प्राचार्य समरीन खान, गार्ड अमर सिंह वर्मा और ड्राइवर शिबू जाफरी को बर्खास्त कर दिया गया। स्कूल पर एक लाख रुपये का आर्थिक दंड लगाया गया और सात दिन में जमा करने का आदेश दिया गया। सीएसपी अभिनंदना शर्मा ने बताया कि मामले की शिकायत मिली है और जांच के बाद वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

स्कूल के बाहर अभिभावकों ने किया हंगामा