नर्मदापुरम जिले के इटारसी में मुख्य बाजार क्षेत्र स्थित गुरुद्वारा रोड पर शराब के लिए पैसे मांगने को लेकर दो युवकों ने एक मजदूर युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना मंगलवार सुबह करीब 8 से 9 बजे के बीच की बताई जा रही है। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें उनके घर से गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, इटारसी के मुख्य बाजार क्षेत्र स्थित गुरुद्वारा रोड पर मजदूर युवक विक्रम मेहरा (30) काम की तलाश में खड़ा था। विक्रम नर्मदापुरम जिले के रामपुर क्षेत्र के बेलबाड़ा गांव का रहने वाला था और रोजाना मजदूरी करने इटारसी आता था।
इसी दौरान दो युवक वहां पहुंचे। बताया जा रहा है कि दोनों नशे में थे। उन्होंने विक्रम से शराब पीने के लिए पैसे मांगे। विक्रम ने पैसे देने से मना किया तो दोनों युवकों ने उसके साथ हाथापाई शुरू कर दी। विवाद के दौरान एक आरोपी ने विक्रम की जांघ पर चाकू से वार कर दिया। चाकू लगने के बाद विक्रम नीचे झुका, तभी दूसरे आरोपी ने उसके पेट में चाकू घोंप दिया। गंभीर चोट लगने के कारण विक्रम मौके पर ही गिर गया। पुलिस और आसपास मौजूद लोगों की मदद से उसे शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सीसीटीवी फुटेज से हुई आरोपियों की पहचान
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान कर ली गई। दोनों आरोपी इटारसी के ही निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने दोनों को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।
पढ़ें: गुना पुलिस में एआई से होगा ड्यूटी मैनेजमेंट, एक दिन पहले मोबाइल पर मिलेगा ड्यूटी चार्ट
काम की तलाश में निकला था विक्रम
एसडीओपी इटारसी वीरेंद्र मिश्रा के मुताबिक, मृतक विक्रम मेहरा मजदूरी करता था और मंगलवार सुबह काम की तलाश में गुरुद्वारा रोड पर खड़ा था। इसी दौरान दोनों आरोपी वहां पहुंचे और उससे शराब के लिए पैसे मांगने लगे। विक्रम के पैसे देने से मना करने पर विवाद हुआ और आरोपियों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया एसडीओपी के अनुसार, पहले आरोपी ने विक्रम की जांघ पर चाकू से वार किया। इसके बाद जब विक्रम नीचे झुका तो दूसरे आरोपी ने उसके पेट में चाकू घोंप दिया। हमले में विक्रम की मौत हो गई।
एक दिन पहले भी इटारसी में रुका था
मृतक के पिता ने बताया कि विक्रम रोजाना मजदूरी करने इटारसी आता था। घटना से एक दिन पहले भी वह काम के लिए इटारसी आया था। देर होने के कारण वह रात में इटारसी में ही रुक गया था। बुधवार सुबह फिर काम की तलाश में निकला था। परिजनों के मुताबिक, सुबह करीब 7 बजे विक्रम ने घर पर फोन किया था। इसके कुछ समय बाद ही उसके साथ यह वारदात हो गई।
शराब के पैसे मांगने को लेकर हुआ विवाद
मृतक के पिता ने बताया कि विक्रम शराब पीने का आदी था, लेकिन उसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। परिजनों के मुताबिक, शराब के लिए पैसे मांगने को लेकर ही आरोपियों से उसका विवाद हुआ था। इसके बाद दोनों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया।
विक्रम की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। उसके दो छोटे बच्चे हैं। पत्नी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल इटारसी पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।