मध्य प्रदेश के नवगठित पांढुर्णा जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। पांढुर्णा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पिछले पांच महीनों से फरार चल रहे तीन स्थाई वारंटियों को गिरफ्तार किया है। इनमें 5 हजार रुपए का इनामी आरोपी, मारपीट के मामले में वांछित आरोपी और चेक बाउंस के मामले में फरार व्यक्ति शामिल हैं।
पांढुर्णा थाना प्रभारी अमित दानी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई थीं। मुखबिरों से मिली सूचना और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
5 हजार रुपए का इनामी आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, पहली कार्रवाई में बिछुआ निवासी शिव शंकर उईके को गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ पांढुर्णा थाने में मारपीट का मामला दर्ज था। केस दर्ज होने के बाद से वह लगातार फरार चल रहा था। लंबे समय से गिरफ्तारी नहीं होने के कारण पुलिस ने उस पर 5 हजार रुपए का नकद इनाम घोषित किया था। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे उसके ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया।
पढे़ं: हिरासत में लिए गए गहलोत-डोटासरा समेत कांग्रेस नेता थाने में धरने पर बैठे; ‘वोट चोरी’ पर नारेबाजी
मारपीट के मामले में आरोपी गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने छिंदवाड़ा निवासी अजय मुन्ना लाल प्रजापति को गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ मारपीट और शांति भंग करने का मामला दर्ज था। पुलिस के मुताबिक, वह गिरफ्तारी से बचने के लिए कई महीनों से लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
चेक बाउंस के मामले में वारंटी भी पकड़ा
तीसरी कार्रवाई पांढुर्णा के रानी दुर्गावती वार्ड में की गई। यहां पुलिस ने नरेंद्र गाडगिल को गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ न्यायालय में धारा 138 के तहत चेक बाउंस का मामला लंबित था। न्यायालय से वारंट जारी होने के बाद से वह फरार चल रहा था।
थाना प्रभारी अमित दानी ने बताया कि तीनों आरोपियों को वैधानिक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था भंग करने और कानून से बचने वाले आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।