राजधानी भोपाल के न्यू मार्केट में गुरुवार दोपहर बालाजी छोले-भटूरे की दुकान में अचानक लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और लपटें करीब 25 फीट तक उठने लगीं। आग ने आसपास की दुकानों को भी तेजी से अपनी चपेट में ले लिया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोपहर के समय दुकान में भटूरे बनाए जा रहे थे। इसी दौरान अचानक आग भड़क उठी। दुकान में मौजूद पर्दों और अन्य ज्वलनशील सामग्री के कारण आग तेजी से फैल गई और कुछ ही देर में ऊंची लपटें उठने लगीं। आग की लपटें जब आसपास की दुकानों तक पहुंचने लगीं तो दुकानदारों में दहशत फैल गई। कई दुकानदार अपनी दुकानों से सामान बाहर निकालने लगे। स्थानीय लोग भी आग को दूसरी दुकानों तक फैलने से रोकने के लिए पानी डालकर मदद करते नजर आए।
ये भी पढ़ें: एमपी: दमोह में अवैध शराब के खिलाफ भड़कीं महिलाएं, घरों में छिपी बोतलें सड़क पर फोड़ीं; 5100 का जुर्माना तय
सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। हालांकि आग की तीव्रता के कारण शुरुआती प्रयासों में इसे पूरी तरह नियंत्रित नहीं किया जा सका। आग से उठता घना धुआं करीब दो किलोमीटर दूर से भी दिखाई दे रहा था। घटना के बाद न्यू मार्केट में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए, जिससे मौके पर भीड़ और अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। पुलिस और प्रशासन ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
फिलहाल आग लगने के कारण का पता नहीं चल सका है। शुरुआती जानकारी में भटूरे बनाते समय आग भड़कने की बात सामने आई है लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। आग पूरी तरह बुझने के बाद ही नुकसान का आकलन किया जा सकेगा।