दीपावली की खुशियां मना रहे एक परिवार को घर के सामने पटाखे फोड़ने से उछले कीचड़ का विरोध करना भारी पड़ गया। मामूली कहासुनी के बाद हुए विवाद में युवकों ने परिवार पर हमला कर दिया। चाकू से किए गए हमले में घायल अनिकेत की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के तीन दिन बाद भी छह आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। भारी विरोध, प्रदर्शन और चक्काजाम के बावजूद पुलिस अब तक फरार आरोपियों का सुराग नहीं लगा सकी है। मामले की जांच के लिए एसीपी हनुमानगंज की अध्यक्षता में विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया गया है।
छह फरार आरोपियों की तलाश में एसआईटी गठित
इब्राहिमगंज में हुए इस हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी आयुष गुप्ता के निर्देश पर विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। एसीपी अरविंद सिंह राजपूत को टीम का नेतृत्व सौंपा गया है। टीम में हनुमानगंज थाना प्रभारी अवधेश सिंह भदौरिया, सब इंस्पेक्टर बीएस वर्मा के अलावा क्राइम ब्रांच और साइबर सेल के पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया है।
पढे़ं: 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों में जबलपुर दूसरे नंबर पर, देवास-रीवा भी छाए
एसआईटी को फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ ही वारदात में सभी की भूमिका का पता लगाने और चाकू से हमला करने वाले आरोपियों की पहचान करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिस इस मामले में इब्राहिमगंज निवासी आदित्य रैकवार उर्फ आदि (19) और प्रेम वस्कार (18) को गिरफ्तार कर चुकी है। पूछताछ में दोनों ने वारदात में शामिल होना स्वीकार किया है। पुलिस ने दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। वहीं, फरार छह आरोपियों में अंकित और राघव सहित अन्य की तलाश की जा रही है। पुलिस उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।
पटाखों से उछला कीचड़ बना खूनी विवाद की वजह
पुलिस के अनुसार, दीपावली की रात आरोपी आदित्य और प्रेम अपने घर के सामने पटाखे फोड़ रहे थे। इसी दौरान नाली का कीचड़ उछलकर अनिकेत के घर की तरफ चला गया। परिवार ने इस पर आपत्ति जताई तो आरोपियों के साथ कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोपियों ने मारपीट करते हुए चाकू से हमला कर दिया।
हमले में अनिकेत और उसकी मां सुनीता घायल हो गईं। अनिकेत की हालत गंभीर होने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, सुनीता को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। अब एसआईटी का मुख्य फोकस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और हत्या में चाकू से हमला करने वालों की भूमिका स्पष्ट करने पर है।