{"_id":"6b07d4946e23b6324e0d1dce","slug":"video-dharampur-kumharara-highway-cutting-house-collapse-family-homeless-2026-11-26","type":"video","status":"publish","title_hn":"मंडी: पत्थरों के लालच में उजड़ा परिवार का आशियाना! हाईवे कटिंग के बाद ढहा मकान, विधायक धरने पर बैठे","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
मंडी: पत्थरों के लालच में उजड़ा परिवार का आशियाना! हाईवे कटिंग के बाद ढहा मकान, विधायक धरने पर बैठे
Ankesh Dogra
Updated Thu, 26 Nov 2026 12:11 PM IST
Link Copied
हाईवे निर्माण के दौरान घर के नीचे की गई कटिंग और सुरक्षा दीवार लगाने में देरी के बाद धर्मपुर के कुम्हारड़ा गांव में एक परिवार का आशियाना उजड़ गया। करीब डेढ़ महीने पहले मकान के नीचे कटिंग की गई थी, लेकिन लंबे समय तक सुरक्षा दीवार (डंगा) नहीं लगाई गई। अब जब डंगा लगाने के लिए नींव की खुदाई शुरू हुई तो मकान का एक हिस्सा ढह गया। इससे 55 वर्षीय शारदा देवी का परिवार बेघर हो गया है।
प्रभावित परिवार को राहत और न्याय दिलाने की मांग को लेकर धर्मपुर के कांग्रेस विधायक चंद्रशेखर भी घर के बाहर धरने पर बैठ गए। परिवार का कहना है कि मकान को हुए नुकसान के बाद उन्हें जल्द मुआवजा दिया जाए, ताकि वे दोबारा अपना घर बना सकें।
कुम्हारड़ा गांव में पिछले कई वर्षों से हाईवे निर्माण का काम चल रहा है। प्रभावित परिवार के बेटे आशीष कुमार ने बताया कि करीब डेढ़ महीने पहले निर्माण कंपनी ने उनके घर के नीचे कटिंग की थी। उस समय जल्द ही सुरक्षा दीवार लगाने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन लंबे समय तक काम शुरू नहीं हुआ।
आशीष के अनुसार, परिवार की ओर से लगातार दबाव बनाने के बाद जब डंगा लगाने के लिए नींव की खुदाई शुरू की गई तो मकान का एक हिस्सा ढह गया। आशीष भारतीय सेना में कार्यरत हैं। परिवार अब जल्द मुआवजा देने की मांग कर रहा है, ताकि दोबारा अपना आशियाना बना सके।
स्थानीय लोगों ने निर्माण कंपनी और ठेकेदारों पर पत्थरों के लालच में मनमाने ढंग से कटिंग करने के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि कटिंग से निकलने वाले पत्थरों का निजी तौर पर बेचने के लिए भी इस्तेमाल किया जा रहा है।
प्रभावित परिवार की परिजन स्नेह पुष्पा ने क्षेत्र में कथित गैरकानूनी ब्लास्टिंग की जांच करवाने की मांग उठाई है। हालांकि, कटिंग और ब्लास्टिंग से जुड़े इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि की जानकारी सामने नहीं आई है।
निर्माण कंपनी की कार्यप्रणाली से नाराज विधायक चंद्रशेखर प्रभावित परिवार के घर के बाहर धरने पर बैठे। उन्होंने बताया कि कंपनी की ओर से परिवार को स्थायी मकान बनने तक हर महीने किराया दिया जाएगा।
विधायक के अनुसार, मुआवजे से जुड़े मामले को कमेटी के समक्ष भेजने का निर्णय लिया गया है। परिवार को अब मुआवजे पर आगे की कार्रवाई का इंतजार है।
धर्मपुर और आसपास के क्षेत्रों में हाईवे निर्माण के दौरान हुए नुकसान से जुड़े 194 मामले सामने आ चुके हैं। इन मामलों पर अब संज्ञान लिया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने और प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग उठाई है।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।