{"_id":"6af2db0a65a0f3634101958c","slug":"video-balichowki-60-to-70-government-posts-vacant-mahendra-rana-2026-11-10","type":"video","status":"publish","title_hn":"मंडी: महेंद्र राणा बोले- बाली चौकी में 60 से 70 सरकारी पद खाली, मूलभूत सुविधाओं के लिए भटक रही जनता","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
मंडी: महेंद्र राणा बोले- बाली चौकी में 60 से 70 सरकारी पद खाली, मूलभूत सुविधाओं के लिए भटक रही जनता
Ankesh Dogra
Updated Tue, 10 Nov 2026 02:21 PM IST
Link Copied
बाली चौकी क्षेत्र में विभिन्न सरकारी विभागों में अधिकारियों और कर्मचारियों के 60 से 70 पद खाली होने का मामला सामने आया है। हिमाचल किसान सभा ने इसे क्षेत्र की जनता के लिए बड़ी परेशानी बताते हुए प्रदेश सरकार से जल्द रिक्त पद भरने की मांग की है। किसान सभा के राज्य महासचिव महेंद्र सिंह राणा ने चेतावनी दी है कि मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्र के लोगों को साथ लेकर आंदोलन किया जाएगा।
महेंद्र सिंह राणा ने कहा कि बाली चौकी के लगभग सभी सरकारी विभागों में पांच से दस पद रिक्त पड़े हैं। कर्मचारियों की कमी के कारण लोगों को सरकारी सेवाओं और जरूरी सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ रहा है। उन्होंने विभागवार रिक्तियों का ब्योरा देते हुए बताया कि खंड प्रारंभिक शिक्षा कार्यालय में 19 पद खाली हैं, जबकि उद्यान विभाग में सभी पद रिक्त पड़े हैं।
राणा के अनुसार, उद्यान विभाग सप्ताह में केवल तीन दिन खुलता है और बाकी तीन दिन बंद रहता है। बाली चौकी क्षेत्र की करीब 20 पंचायतों में सेब, जापानी प्लम, आड़ू, नाशपाती और अनार जैसी नकदी फसलों का उत्पादन होता है। ऐसे में विभाग में कर्मचारियों की कमी से बागवानों को जरूरी सलाह और विभागीय सेवाएं नहीं मिल पा रही हैं। कृषि विभाग में भी तीन पद खाली बताए गए हैं।
उन्होंने बताया कि राजस्व विभाग में पटवारियों के कुल 12 स्वीकृत पदों में से केवल पांच पर कर्मचारी कार्यरत हैं, जबकि सात पद खाली हैं। इसके अलावा पंचायत सचिवों के कुल 50 पदों में से 22 रिक्त पड़े हैं। बिजली और लोक निर्माण विभाग में कनिष्ठ अभियंताओं सहित करीब 10 पद खाली होने की बात भी उन्होंने कही।
महेंद्र सिंह राणा ने कहा कि सरकारी विभागों में कर्मचारियों की कमी का सीधा असर आम लोगों पर पड़ रहा है। उनके अनुसार, क्षेत्र में फसलों को नुकसान हो रहा है, मनरेगा के कार्य सुचारू रूप से नहीं चल रहे और लोगों को विभिन्न प्रमाणपत्र बनवाने के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। उन्होंने सरकारी कार्यों में देरी और पर्याप्त बस सुविधा नहीं मिलने का मुद्दा भी उठाया।
उन्होंने प्रदेश सरकार की निजीकरण, व्यापारीकरण और नवउदारवादी नीतियों को सरकारी व्यवस्था प्रभावित होने का कारण बताते हुए इन पर रोक लगाने की मांग की।
किसान सभा ने सरकार से सभी विभागों में रिक्त पदों को जल्द भरने की मांग की है। महेंद्र सिंह राणा ने कहा कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो किसान सभा क्षेत्र की जनता को लामबंद कर आंदोलन करेगी। इस मामले में बाली चौकी लोकल कमेटी के सचिव इंदर सिंह और अध्यक्ष हीरालाल ने भी चिंता जताई है।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।