{"_id":"6aeb0745332531db2b04d850","slug":"video-from-kullu-dussehra-to-mumbai-himachali-makki-ki-roti-wins-celebrity-hearts-2026-11-04","type":"video","status":"publish","title_hn":"कुल्लू दशहरा में सोहन लाल की मक्की की रोटी का स्वाद, अंबानी परिवार से अमिताभ बच्चन तक हैं मुरीद","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
कुल्लू दशहरा में सोहन लाल की मक्की की रोटी का स्वाद, अंबानी परिवार से अमिताभ बच्चन तक हैं मुरीद
अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव में इन दिनों सोहन लाल की रसोई में पक रही मक्की की रोटी लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रही है। हिमाचल के पारंपरिक स्वाद को प्रदेश के मेलों तक पहुंचाने वाले बिलासपुर जिले के झंडूता क्षेत्र के नेरी निवासी सोहन लाल और उनकी पत्नी राधा पिछले 36 वर्षों से इस कारोबार को आगे बढ़ा रहे हैं। उनकी मक्की की रोटी और सरसों के साग का स्वाद लोगों को खूब पसंद आ रहा है। इस बार उन्होंने अपने मेन्यू में कोदरे की रोटी भी शामिल की है, जिसकी मांग लगातार बढ़ रही है।
सोहन लाल ने बताया कि वर्ष 1991 में उन्होंने ट्रायल के तौर पर मेले में मक्की की रोटी का स्टॉल लगाया था। उनका यह प्रयोग सफल रहा और धीरे-धीरे इस पारंपरिक व्यंजन की मांग बढ़ती चली गई। एक समय ऐसा भी आया जब ग्राहकों की मांग पूरी करना मुश्किल हो गया था। आज प्रदेश के छोटे-बड़े मेलों में उनकी मक्की की रोटी की खूब मांग रहती है।
सोहन लाल और राधा न केवल अपने पारंपरिक कारोबार को आगे बढ़ा रहे हैं, बल्कि मेलों के दौरान युवाओं को रोजगार भी उपलब्ध करवा रहे हैं। उनके अनुसार, अलग-अलग मेलों में वे करीब दस युवाओं को काम देते हैं। मक्की की रोटी, सरसों का साग और देसी घी का स्वाद अब प्रदेश से बाहर भी पहचान बना चुका है।
सोहन लाल की मक्की की रोटी के प्रशंसक केवल हिमाचल तक सीमित नहीं हैं। दंपती के अनुसार, देश के प्रमुख उद्योगपति अनिल अंबानी के परिवार ने भी उनके हाथों से तैयार इस पारंपरिक व्यंजन का स्वाद चखा है। इसके अलावा फिल्म अभिनेता अमिताभ बच्चन और रणधीर कपूर भी उनकी मक्की की रोटी के स्वाद का आनंद ले चुके हैं।
सोहन लाल और राधा ने बताया कि वर्ष 2012 में अनिल अंबानी का परिवार रामपुर बुशहर के लबी मेले में पहुंचा था। इस दौरान उन्होंने मेले में लगे सोहन लाल के स्टॉल पर मक्की की रोटी का स्वाद चखा। इसके बाद अनिल अंबानी ने अपनी सिल्वर जुबली के समारोह के लिए दंपती को मुंबई आमंत्रित किया।
मुंबई में आयोजित समारोह में सोहन लाल और राधा ने मक्की की रोटी, सरसों का साग और देसी घी परोसा। दंपती के मुताबिक, इस समारोह में अमिताभ बच्चन और रणधीर कपूर ने भी उनके हाथों के बने पारंपरिक हिमाचली व्यंजन का स्वाद लिया। यह उनके लिए एक यादगार अनुभव रहा।
कुल्लू दशहरा उत्सव में इस बार सोहन लाल और राधा को एक बात का मलाल भी है। उनका कहना है कि इस बार उत्सव में स्टॉल लगाने के लिए उन्हें पहले के मुकाबले काफी महंगा प्लॉट मिला है। दंपती के अनुसार, वे पहले दशहरा कमेटी से सीधे प्लॉट लेते रहे हैं, लेकिन इस बार ठेकेदार के माध्यम से प्लॉट लेना पड़ा, जिसके चलते खर्च पिछले वर्ष की तुलना में काफी बढ़ गया है।
सोहन लाल और राधा का कहना है कि पारंपरिक व्यंजनों को बढ़ावा देने और वर्षों से मेलों में कारोबार कर रहे छोटे व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखा जाना चाहिए। उन्होंने दशहरा कमेटी से इस व्यवस्था पर विचार करने की मांग की है।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।