{"_id":"6a9fcc33d68255fba005291f","slug":"video-chamba-progressive-council-questions-staff-shortage-medical-college-2026-09-08","type":"video","status":"publish","title_hn":"चंबा: मेडिकल कॉलेज में स्टाफ की कमी पर प्रोग्रेसिव काउंसिल ने उठाए सवाल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
चंबा: मेडिकल कॉलेज में स्टाफ की कमी पर प्रोग्रेसिव काउंसिल ने उठाए सवाल
Ankesh Dogra
Updated Tue, 08 Sep 2026 02:19 PM IST
Link Copied
चंबा प्रोग्रेसिव काउंसिल की मासिक बैठक मुख्यालय स्थित लक्ष्मण क्लब में अध्यक्ष ईसीपी सहगल की अध्यक्षता में हुई। बैठक में जिले की स्वास्थ्य सेवाओं और शहर में चल रहे विकास कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। सदस्यों ने पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में पर्याप्त स्टाफ उपलब्ध नहीं होने पर चिंता जताते हुए सरकार और कॉलेज प्रबंधन से व्यवस्था में सुधार की मांग की।
परिषद के सदस्यों ने कहा कि नवनिर्मित मेडिकल कॉलेज परिसर सरोल (भद्रम) में कुछ विभागों की ओपीडी शुरू की गई है, लेकिन कई जगह सेवाएं अभी पूरी तरह व्यवस्थित नहीं हैं। उनका कहना था कि विशेषज्ञ चिकित्सकों और अन्य जरूरी स्टाफ की पर्याप्त उपलब्धता नहीं होने से मरीजों को अपेक्षित स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।
सदस्यों ने आरोप लगाया कि स्टाफ की कमी और विशेषज्ञ सेवाओं के अभाव में मेडिकल कॉलेज पर आने वाले मरीजों को कई मामलों में दूसरे अस्पतालों के लिए रेफर करना पड़ता है। परिषद ने स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी हाल की कुछ घटनाओं का भी बैठक में उल्लेख किया और इनकी जांच करवाकर जिम्मेदारी तय करने की मांग की।
बैठक में एक महिला को उपचार के लिए रेफर किए जाने के बाद अस्पताल से कुछ दूरी पर एंबुलेंस में ही प्रसव होने के मामले पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा सेईकोठी से उपचार के लिए लाई गई एक बच्ची की मौत के मामले का भी परिषद सदस्यों ने उल्लेख किया। परिषद का कहना था कि ऐसे मामलों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि स्वास्थ्य व्यवस्था में सामने आ रही कमियों को दूर किया जा सके।
प्रोग्रेसिव काउंसिल ने प्रदेश सरकार और मेडिकल कॉलेज प्रबंधन से अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों समेत जरूरी चिकित्सा एवं गैर-चिकित्सा स्टाफ की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित करने की मांग की। सदस्यों ने कहा कि मेडिकल कॉलेज को क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने में सक्षम बनाया जाना जरूरी है।
बैठक में चंबा के पुराने बस अड्डे पर प्रस्तावित बहुमंजिला पार्किंग के निर्माण की दिशा में कदम आगे बढ़ने पर सदर विधायक नीरज नय्यर का आभार भी जताया गया। परिषद के अनुसार निर्माण सामग्री पहुंचने के बाद परियोजना के धरातल पर शुरू होने की उम्मीद बढ़ी है।
इसके साथ ही परिषद ने शहर की अन्य महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं को भी गति देने की मांग की। सदस्यों ने लघु सचिवालय, इंडोर स्टेडियम और बालू-पक्का टाला सड़क के निर्माण कार्य की धीमी रफ्तार पर चिंता जताई। उन्होंने संबंधित विभागों से इन परियोजनाओं को तय समय में पूरा करने के लिए निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग की।
परिषद के सदस्यों ने कहा कि इन परियोजनाओं के जल्द पूरा होने से लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। खासकर बहुमंजिला पार्किंग बनने से शहर में पार्किंग की समस्या कम होने और यातायात व्यवस्था को राहत मिलने की उम्मीद है।
बैठक में डॉ. डीके सोनी, सुरिंदर भंडारी, मेजर श्रीचंद नय्यर, वीएम महाजन, खुशाल बख्शी, प्रवीण पुरी, जसवंत सिंह, सुशील कुमार, हमींद्र सैन और तरुण विज सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।