{"_id":"6afc35260c38a7c3e80292b7","slug":"video-train-to-reach-bilaspur-by-march-2028-anurag-thakur-2026-11-17","type":"video","status":"publish","title_hn":"बिलासपुर: सांसद अनुराग ठाकुर बोले- मार्च 2028 तक बिलासपुर पहुंचेगी ट्रेन, रेल का सपना होगा साकार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बिलासपुर: सांसद अनुराग ठाकुर बोले- मार्च 2028 तक बिलासपुर पहुंचेगी ट्रेन, रेल का सपना होगा साकार
Ankesh Dogra
Updated Tue, 17 Nov 2026 04:36 PM IST
Link Copied
बिलासपुर के लोगों का वर्षों पुराना रेल का सपना मार्च 2028 तक साकार होने की उम्मीद है। इस समय तक बिलासपुर में ट्रेन का हूटर सुनाई देगा। यह दावा सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने मंगलवार को घुमारवीं उपमंडल के हटवाड़ (गलाही) में किया। उन्होंने कहा कि बिलासपुर तक रेल पहुंचने से क्षेत्र में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी। इसके साथ ही व्यापार और पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
अनुराग ठाकुर यहां हटवाड़ कृषि सेवा सहकारी सभा समिति के भवन की दूसरी मंजिल का उद्घाटन करने पहुंचे थे। करीब 35 लाख रुपये की लागत से तैयार इस भवन के उद्घाटन समारोह में उन्होंने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा।
सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार हिमाचल प्रदेश के विकास के लिए लगातार आर्थिक सहयोग दे रही है, लेकिन प्रदेश सरकार का काम केंद्र से पैसा लेना और अपने नाम के फट्टे लगवाना रह गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र के सहयोग से होने वाले विकास कार्यों का श्रेय भी प्रदेश सरकार खुद लेने का प्रयास करती है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने हमेशा हिमाचल प्रदेश के अधिकारों की लड़ाई लड़ी है। बीबीएमबी से प्रदेश को रॉयल्टी दिलाने के लिए भाजपा ने अधिकार यात्रा से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक संघर्ष किया। भाजपा सरकारों ने अदालत में हलफनामे दाखिल कर हिमाचल का पक्ष मजबूती से रखा।
अनुराग ठाकुर ने किसाऊ बांध का जिक्र करते हुए इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की देन बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और कांग्रेस सरकार इन कार्यों का श्रेय लेने में जुटे हैं। उनके अनुसार प्रदेश के अधिकारों की लड़ाई में कांग्रेस का कोई योगदान नहीं रहा और कांग्रेस का कोई नेता इस मुद्दे पर एक किलोमीटर भी पैदल नहीं चला।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री राजेंद्र गर्ग ने प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विकास कार्यों को गति देने के बजाय पहले से चल रहे संस्थानों और सुविधाओं को बंद करने में जुटी है। इसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और जनसुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दी गई थी, जबकि वर्तमान सरकार के फैसलों से विकास की गति प्रभावित हुई है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता हटवाड़ कृषि सेवा सहकारी सभा समिति के प्रधान हेमराज शर्मा ने की। इस अवसर पर जोरावर सिंह, ब्रह्मदास गौतम, जमना देवी, रक्षा कपिल, रतन धीमान, यशपाल सिंह, मनीष, राजेश कुमार, अमरनाथ और गुड्डी देवी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।