{"_id":"6abfbed6b25592cca2023681","slug":"video-jind-safidon-road-closed-for-two-months-traders-patience-runs-out-2026-10-02","type":"video","status":"publish","title_hn":"जींद: दो महीने से बंद सफीदों रोड, व्यापारियों के सब्र का बांध टूटा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
जींद: दो महीने से बंद सफीदों रोड, व्यापारियों के सब्र का बांध टूटा
जींद। सफीदों रोड के अधूरे निर्माण से दो महीने से कारोबार प्रभावित होने से नाराज दुकानदारों का शुक्रवार को सब्र जवाब दे गया। 200 से अधिक व्यापारियों ने सफीदों रोड पर जाम लगाकर प्रशासन और लोक निर्माण विभाग के खिलाफ रोष जताया। करीब डेढ़ घंटे तक चले प्रदर्शन के कारण शहर के मध्य यातायात व्यवस्था चरमरा गई। दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। तंग गलियों से दोपहिया वाहन तो निकलते रहे, लेकिन कार और बड़े वाहन जाम में फंसे रहे।
दुकानदार पियूष मित्तल, प्रिंस बजाज, गौरव, जयंत खुराना का कहना था कि सड़क पर बेरिकेडिंग के कारण ग्राहक दुकानों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। इससे कई दुकानदारों का कारोबार बुरी तरह प्रभावित हुआ है और उनके सामने बैंक की किस्तें तक चुकाने का संकट खड़ा हो गया है। जाम की सूचना पर शहर थाना प्रभारी रविंद्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने दुकानदारों से जाम खोलने का आग्रह किया, लेकिन व्यापारी अपनी मांग पर अड़े रहे। इस दौरान थाना प्रभारी और दुकानदारों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। बाद में व्यापारियों ने लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन को मौके पर बुलाने की मांग की।
पीडब्ल्यूडी बीएंडआर के एक्सईएन राजकुमार नैन मौके पर पहुंचे तो व्यापारियों ने उन्हें सड़क की बदहाल स्थिति और निर्माण में देरी से हो रही परेशानियों से अवगत कराया। दुकानदारों ने बताया कि सड़क के अधूरे छोड़े गए कट हादसों का कारण बन रहे हैं। रात में पर्याप्त रोशनी नहीं होने से खतरा और बढ़ जाता है। व्यापारियों ने दावा किया कि कुछ दिन पहले कट में बाइक गिरने से एक युवक की दोनों टांगों में फ्रैक्चर हो गया। सीवर ओवरफ्लो और बरसात में गंदा पानी दुकानों-मकानों तक पहुंचने की समस्या भी बताई।
बाक्स
इस समस्या के समाधान की मांग को लेकर व्यापारियों ने बताया कि वह डीसी, एसडीसी व जनप्रतिनिधि से भी मिल चुके थे, लेकिन किसी ने उनकी सुनवाई नहीं की। अब जाम लगाने के बाद यहां पर प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे हैं और शाम तक समाधान का आश्वासन दिया है। ठेकेदार पर बीच में काम बंद कर उनकी परेशानी बढ़ाने का भी आरोप लगाया।
बाक्स
सफीदों गेट से बाल भवन रोड तक सड़क का काफी हिस्सा बन चुका है। बीच में छोड़े गए कटों को सुरक्षित तरीके से बंद कर सड़क को आवागमन के लिए खोला जाए। उन्होंने कहा कि लगातार बंद रास्ते के कारण बाजार की बिक्री प्रभावित हो रही है।
बाक्स
लगभग डेढ़ घंटा तक लगे जाम के कारण शहर के हजारों लोगों को आवागमन में परेशानी हुई। इसके कारण बाइक चालक व स्कूटी चालक तो शहर की तंग गलियों से गुजरे, लेकिन कार व अन्य बड़े वाहन चालक बाजार की इस मुख्य सड़क पर फंसे रहे। इसके कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
बाक्स
15 दिन में सड़क चालू करने का आश्वासन
सफीदों रोड पर लगी बेरिकेडिंग को आगे खिसकाया जाएगा, ताकि व्यापारियों की दुकानदारी शुरू हो सके। कटों पर शाम तक सांकेतिक व्यवस्था कराने के निर्देश दिए गए हैं। बरम की समस्या तीन दिन में दूर की जाएगी। सीवर संबंधी समस्या को भी दूर किया गया है। हटाए गए मेनहोल का काम समय से पहले पूरा कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि आगामी 15 दिनों में सड़क को चालू करने का प्रयास किया जा रहा है। सड़क का लेवल इस तरह रखा गया है कि दुकानों पर असर न पड़े
---राजकुमार नैन, एक्सईएन लोक निर्माण विभाग जींद।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।