दिवाली की रात रेलवे ट्रैक के बीचों-बीच खड़े होकर रॉकेट छोड़ने और चलती ट्रेन के दरवाजे से बाहर निकलकर आतिशबाजी करने वाले युवक को आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान सुजीत सिंह के रूप में हुई है। दुर्ग-अजमेर एक्सप्रेस में उसकी इस खतरनाक हरकत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रेलवे सुरक्षा एजेंसियां हरकत में आईं और तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे पेंड्रारोड स्टेशन पर गिरफ्तार कर लिया।
दरअसल, दिवाली की रात सुजीत सिंह दुर्ग से अजमेर जाने वाली ट्रेन नंबर 188213 के जनरल कोच में सफर कर रहा था। ट्रेन जब उसलापुर स्टेशन पहुंची तो आरोपी नीचे उतर गया और रेलवे ट्रैक के बीचों-बीच खड़े होकर रॉकेट छोड़ने लगा। इतना ही नहीं, ट्रेन के रवाना होने के बाद उसने डिब्बे के दरवाजे से बाहर हाथ निकालकर भी आतिशबाजी की। उसकी इस लापरवाही से न केवल उसकी जान खतरे में पड़ी, बल्कि ट्रेन में सफर कर रहे अन्य यात्रियों की सुरक्षा पर भी गंभीर खतरा पैदा हो गया।
सूत्रों के मुताबिक, आरोपी रेलवे ट्रैक पर रॉकेट छोड़ते समय वीडियो कॉल के जरिए अपने परिचितों को इस हरकत का लाइव वीडियो दिखा रहा था। इसी दौरान ट्रेन में मौजूद अन्य यात्रियों ने उसकी पूरी करतूत मोबाइल में रिकॉर्ड कर ली। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
पढे़ं: मवेशी बेचने जा रहे तीन व्यापारियों को जंगल में घेरा, मारपीट कर नगदी-मोबाइल लूटे; चार आरोपी गिरफ्तार
वीडियो वायरल होने के बाद बिलासपुर रेलवे कंट्रोल रूम ने पेंड्रारोड आरपीएफ को तत्काल अलर्ट जारी किया। इसके बाद ट्रेन के पेंड्रारोड स्टेशन पहुंचते ही आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने जनरल कोच में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान आरोपी सुजीत सिंह की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पेंड्रारोड जीआरपी ने आरोपी के खिलाफ रेलवे एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है। मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
रेलवे सुरक्षा से खिलवाड़ पर उठे सवाल
त्योहार के दौरान रेलवे ट्रैक पर इस तरह आतिशबाजी करना बेहद खतरनाक साबित हो सकता था। इस घटना ने एक बार फिर रेल यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे परिसर में प्रतिबंधित गतिविधियों पर नियंत्रण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।