समस्तीपुर जिले के उजियारपुर प्रखंड के बिरणाम तुला पंचायत को आदर्श और नशा मुक्त बनाने के लिए जनप्रतिनिधियों ने बड़ा कदम उठाया है। पंचायत मुखिया के नेतृत्व में आम सभा का आयोजन किया गया, जिसमें सभी ग्रामीणों ने भाग लिया और शराब के सेवन को रोकने को लेकर शपथ ली।
इस आम सभा में ग्रामीणों ने एकजुट होकर यह संकल्प लिया कि शराब का सेवन करने वालों को चिन्हित कर प्रशासन के हवाले किया जाएगा। पंचायत मुखिया पति बैजू राय ने बताया कि उनका उद्देश्य पंचायत को आदर्श पंचायत बनाना है। उन्होंने कहा कि बिहार में शराबबंदी कानून लागू है, इसके बावजूद कुछ नवयुवक विदेशी और देसी शराब का सेवन कर रहे हैं, जो उनके स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है।
ये भी पढ़ें- Bihar: धान खरीद का लक्ष्य अधूरा, समस्तीपुर के कई प्रखंड पीछे, मोहनपुर और मोहिउद्दीननगर में शून्य क्रय क्यों?
मुखिया ने कहा कि ऐसे लोगों को पहले समझाया जाएगा, लेकिन यदि वे नहीं मानेंगे तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और उन्हें जेल भेजा जाएगा। उन्होंने सभी ग्रामीणों से अपील की कि शराब सेहत के लिए हानिकारक है और शराब से दूर रहकर वे अपने बच्चों का भविष्य सुरक्षित करें और समाज के विकास में अपना सहयोग दें।
यह अभियान पंचायत को नशा मुक्त बनाने और आदर्श पंचायत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।