बिहार: दरभंगा के स्कूल में शिक्षिका ने प्रिंसिपल पर लगाए गंभीर आरोप, शिकायत के बाद दर्ज हुआ मुकदमा
दरभंगा के खरगपुर प्राथमिक विद्यालय की महिला शिक्षिका ने प्रिंसिपल कुमार गौरव पर अश्लील वीडियो दिखाने, छेड़छाड़ और जातिसूचक गाली-गलौज करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। शिक्षिका की शिकायत पर मोरो थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विस्तार
दरभंगा जिले के मोरो थाना क्षेत्र के एक प्राथमिक विद्यालय की एक महिला शिक्षिका ने विद्यालय के प्रिंसिपल कुमार गौरव पर जबरन अश्लील वीडियो दिखाने, अश्लील हरकत, छेड़छाड़ और विरोध करने पर जातिसूचक गाली-गलौज करने की प्राथमिकी मोरो थाने में दर्ज करवाई है।
जानें पीड़िता ने क्या-क्या बताया?
महिला शिक्षिका ने दर्ज प्राथमिकी में प्रिंसिपल पर आरोप लगाया है कि वर्ष 2025 से वह उसके साथ गंदी हरकत करता आ रहा है। प्रिंसिपल होने का धौंस दिखाकर वह अक्सर अपने कमरे में बुलाया करता है और उसके कंधे पर जबरन हाथ रखकर अश्लील वीडियो दिखाया करता है। प्रिंसिपल के मानसिक प्रताड़ना के कारण उसका दो महीने का गर्भ नष्ट हो गया।
वहीं, इस मामले को लेकर उसने प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी रंजन कुमार से शिकायत की थी। इसके बाद मांगे गए स्पष्टीकरण में शिक्षा विभाग ने प्रिंसिपल को क्लीन चिट दे दी, वहीं उसके द्वारा प्रिंसिपल पर लगाए गए आरोपों को झूठा करार दिया गया।
हालांकि, अधिकारियों के निरीक्षण में प्रिंसिपल के खिलाफ कई अनियमितताएं पाई गईं। इसमें प्रिंसिपल बिना अवकाश स्वीकृत कराए अवकाश में पाए गए, वहीं उनके मौखिक आदेश पर उमेश कुमार चौधरी को प्रिंसिपल का प्रभार दिया गया। मिड-डे मील में भी गड़बड़ी पाई गई है। जबकि निरीक्षण करने आए अधिकारियों को प्रिंसिपल द्वारा अन्य शिक्षकों के साथ भी अभद्र व्यवहार करने की शिकायत मिली है। वहीं, स्कूल के शिक्षक बसंत कुमार पासवान ने भी प्रिंसिपल कुमार गौरव पर अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया है।
ये भी पढ़िए- बिहार: अब एक रुपये में 40 एकड़ जमीन किसे देगी सरकार, नई चीनी मिल लगाने पर कितना तक का अनुदान मिलेगा?
शिक्षिका के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज
महिला शिक्षिका का आरोप है कि उसने मोरो थाने में 30 अगस्त को प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन दिया था, लेकिन थानाध्यक्ष द्वारा प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई। इसके बाद उसने 10 सितंबर को एसएसपी जगुनाथ रेड्डी से मिलकर न्याय की गुहार लगाई तो 11 सितंबर को मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
इस पूरे मामले पर मोरो थानाध्यक्ष दिव्यज्योति ने बताया कि महिला शिक्षिका के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। प्रिंसिपल पर लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है। आरोप सत्य पाए जाने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।