{"_id":"6ab57972cefae45ffe0a4a34","slug":"video-budhi-leela-mahotsav-held-in-barsana-in-mathura-2026-09-25","type":"video","status":"publish","title_hn":"VIDEO: सखियों ने नहीं दिया गोरस का दान तो कान्हा ने फोड़ दी मटकी, बरसाना में हुआ बूढ़ी लीला महोत्सव","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
VIDEO: सखियों ने नहीं दिया गोरस का दान तो कान्हा ने फोड़ दी मटकी, बरसाना में हुआ बूढ़ी लीला महोत्सव
सिर पर दही से लबालब मटकी संभाले सखियां संकरी राह से आगे बढ़ रही थीं। तभी सामने ग्वाल-बालों की टोली के साथ कान्हा आ खड़े हुए। गोरस का दान मांगा तो सखियों ने देने से साफ इनकार कर दिया। मटकी बचाने को सखियों और कान्हा के बीच खींचतान हुई। आखिर कान्हा ने मटकी पर हाथ मारा तो दही की धार जमीन पर बिखर गई। मटकी फूटते ही दही को प्रसाद मानकर लेने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। जयकारों से सांकरी खोर गूंज उठी और बूढ़ी लीला महोत्सव में द्वापर की दान लीला साकार हो उठी। राधारानी की प्रिय सखी चित्रा के गांव चिकसोली में होने वाली मटकी फोड़ दान लीला बूढ़ी लीला महोत्सव की प्रमुख लीलाओं में शामिल है। ब्रज की मान्यता है कि माखन चोरी लीला के दौरान कान्हा ग्वाल-बालों के साथ सांकरी खोर पहुंचते थे। मथुरा की ओर दूध-दही लेकर जाने वाली सखियों का रास्ता रोककर उनसे गोरस का दान मांगते थे। सखियां दान देने से इनकार करतीं तो कान्हा उनकी मटकी फोड़ देते थे। लीला से पहले रास मंडल में बरसाना और नंदगांव के गोस्वामी समाजियों ने समाज गायन किया। राधा पर्वत और कृष्ण पर्वत पर आमने-सामने बैठे समाजियों के पद, हास्य-परिहास और ब्रज की रसभरी गालियों से वातावरण लीला के रंग में रंग गया। इसके बाद चित्रा सखी के गांव से बैंड-बाजों के साथ गोरस की मटकी लीला स्थल पर लाई गई। मटकी पहुंचते ही श्रद्धालुओं की नजरें लीला स्थल पर टिक गईं। स्थानीय धार्मिक मान्यता के अनुसार द्वापर काल में ब्रज का दूध-दही मथुरा में कंस के यहां जाता था। इसी गोरस को रोकने के भाव से कान्हा ने सखियों से दान मांगने की लीला की थी। इसी परंपरा की स्मृति में आज भी सांकरी खोर में मटकी फोड़ दान लीला होती है।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।