{"_id":"6a9523850aa26560ae0bf29b","slug":"video-ayathhaya-ka-rathal-ma-masama-bmaraya-na-saecasa-ma-bugdhhaii-maraja-ka-bhaugdha-2026-08-31","type":"video","status":"publish","title_hn":"अयोध्या के रुदौली में मौसमी बीमारियों ने सीएचसी में बढ़ाई मरीजों की भीड़","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
अयोध्या के रुदौली में मौसमी बीमारियों ने सीएचसी में बढ़ाई मरीजों की भीड़
अयोध्या के रुदौली में मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के बीच सर्दी, खांसी, जुकाम, तेज बुखार और सांस लेने में परेशानी के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। मौसमी बीमारियों के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने स्वाइन फ्लू को लेकर भी सतर्कता बढ़ा दी है। हालांकि रुदौली क्षेत्र में अभी तक स्वाइन फ्लू का कोई मामला सामने नहीं आया है, लेकिन संभावित खतरे को देखते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रुदौली में तैयारियों का दावा किया जा रहा है। इन तैयारियों की हकीकत जानने के लिए अमर उजाला की टीम ने सोमवार को सीएचसी रुदौली का जायजा लिया।
अमर उजाला की टीम सबसे पहले अस्पताल में पर्चा बनवाने वाले काउंटर पर पहुंची। यहां मरीजों की लंबी कतार लगी हुई थी। दूर-दराज से आए बड़ी संख्या में मरीज बुखार, सर्दी-जुकाम और शरीर में दर्द की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंचे थे। मुजफ्फरपुर गांव निवासी आशाराम यादव और गांव से आए राम कैलाश बारी ने बताया कि उन्हें सात-आठ दिनों से बुखार आ रहा है। दवा लेने के लिए सीएचसी आए हैं। बुखार के साथ हाथ-पैरों में भी काफी दर्द हो रहा है।
इसके बाद टीम ने चिकित्सकों के कक्ष और अस्पताल परिसर का जायजा लिया। डॉक्टर कौशलेंद्र मौर्य के कक्ष के बाहर मरीजों की खासी भीड़ दिखाई दी। चिकित्सक ने बताया कि इन दिनों वायरल फीवर के मरीजों की संख्या अधिक आ रही है। बुखार, सर्दी-जुकाम और शरीर में दर्द की शिकायत लेकर मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं।
सीएचसी में संभावित स्वाइन फ्लू मरीजों को अन्य मरीजों से अलग रखने के लिए दो बेड का आइसोलेशन वार्ड रिजर्व किया गया है। टीम के निरीक्षण के दौरान वार्ड में दोनों बेड सुरक्षित मिले। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक फ्लू जैसे लक्षण वाले संदिग्ध मरीजों को आवश्यकता पड़ने पर अन्य मरीजों से अलग रखा जा सकता है।
अस्पताल परिसर में फीवर हेल्प डेस्क भी शुरू किया गया है। यहां बुखार, सर्दी-जुकाम, खांसी और सांस संबंधी परेशानी वाले मरीजों की प्राथमिक जांच की जा रही है। लक्षणों के आधार पर मरीज को चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक जांच के लिए भेजने की व्यवस्था की गई है।
मौसम में बदलाव के साथ सीएचसी की ओपीडी में भी मरीजों की संख्या बढ़ी है। अस्पताल में आने वाले मरीजों में बड़ी संख्या सर्दी-जुकाम, खांसी और बुखार से पीड़ित लोगों की है। चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल अधिकांश मरीजों में मौसमी संक्रमण और वायरल फीवर जैसे लक्षण देखने को मिल रहे हैं।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. रवींद्र शुक्ला ने बताया कि स्वाइन फ्लू की संभावित आशंका को देखते हुए अस्पताल में दो बेड का आइसोलेशन वार्ड तैयार किया गया है। इसके साथ ही फीवर हेल्प डेस्क भी चालू है। यहां बुखार और फ्लू जैसे लक्षण वाले मरीजों की प्राथमिक जांच की जा रही है। अभी रुदौली क्षेत्र में स्वाइन फ्लू का कोई मामला सामने नहीं आया है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि तेज बुखार, लगातार खांसी, सांस लेने में परेशानी अथवा अन्य गंभीर लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न बरतें और तत्काल चिकित्सक से परामर्श लें। बदलते मौसम में बच्चों और बुजुर्गों के साथ कमजोर प्रतिरोधक क्षमता वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
चिकित्सकों ने लोगों को भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अनावश्यक जाने से बचने, साफ-सफाई का ध्यान रखने और बीमारी के लक्षण होने पर बिना चिकित्सकीय सलाह के दवा न लेने की सलाह दी है।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।